Edited By meena, Updated: 17 Jun, 2026 09:05 PM

राज्यसभा चुनाव में तीसरी सीट गंवाने के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस में सब ठीक ठाक नहीं चल रहा है। ये हम नहीं भाजपा कह रही है। हाल ही में सार्वजनिक मंच...
भोपाल : राज्यसभा चुनाव में तीसरी सीट गंवाने के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस में सब ठीक ठाक नहीं चल रहा है। ये हम नहीं भाजपा कह रही है। हाल ही में सार्वजनिक मंच पर कांग्रेस नेताओं के दो वीडियो सामने आने के बाद भाजपा ने इसे पार्टी की अंदरूनी कलह बताया। लगातार पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह की अनदेखी के आरोप लग रहे हैं। इसी बीच ज्योतिरादित्य सिंधिया की कट्टर समर्थक और भाजपा नेत्री इमरती देवी ने दिग्विजय सिंह को भाजपा ज्वाइंन करने का ऑफर दिया है। इस बयान के बाद MP कांग्रेस की हलचल बढ़ा दी है।
कुर्सी विवाद से बढ़ी हलचल
पूरा मामला हाल ही में कांग्रेस की प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पीसीसी चीफ जीतू पटवारी द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को दूसरी कुर्सी पर शिफ्ट होने का इशारा वाले वीडियो के बाद शुरु हुआ। इस वीडियो को कांग्रेस में अंदरुनी खींचतान से जोड़कर देखा जा रहा है। आरोप है कि कांग्रेस पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह को साइडलाइन करना चाहती है।
भाजपा ने लपका मामला
वीडियो वायरल होते ही भाजपा को बैठे बिठाए मुद्दा मिल गया। इमरती देवी से लेकर, मंत्री राकेश शुक्ला और युवा मोर्चा अध्यक्ष श्याम टेलर ने भी कांग्रेस में गुटबाजी के मामले को लपक लिया।
इमरती देवी ने कहा कि जीतू पटवारी जब से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बने हैं तब से पूरी कांग्रेस डामाडोल हो चुकी है पूरी बिखर चुकी है। कांग्रेस की स्थिति बहुत ज्यादा खराब है। दिग्विजय सिंह जी का भी वहां कोई सम्मान नहीं है। कांग्रेस पार्टी भाजपा की बराबरी कर ही नहीं सकती है। कांग्रेस का पतन हो चुका है। कांग्रेस में कोई सीनियर नेता नहीं बचा है। इमरती देवी ने दिग्विजय सिंह को भाजपा में शामिल होने का न्योता देते हुए उनका स्वागत किया है। इमरती देवी ने यह भी कहा है कि भाजपा समुद्र है दिग्विजय सिंह आए भाजपा में उनका स्वागत है और बहुत सम्मान दिया जाएगा।
मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा- कांग्रेस की जो लड़ाई आज दिख रही है इसके परिणाम भी सामने आ चुके हैं। मीनाक्षी नटराजन के फॉर्म में गड़बड़ी में भी कांग्रेसियो का ही हाथ रहा है। आने वाले दिनों में इनका सूपड़ा साफ ही हो जाएगा।
श्याम टेलर का कहना है कि दिग्विजय सिंह कांग्रेस के ऐसे नेता हैं जो अपने बयानों से कांग्रेस का नुकसान पहुंचाते हैं और इससे भाजपा का फायदा होता है। कांग्रेस की गुटबाजी आज चरम पर है, यह पूरा देश और मध्य प्रदेश जानता देख रही है। दिग्विजय सिंह जी भाजपा में आएंगे इसका निर्णय हमारा नेतृत्व करेगा। भाजपा एक महासमुद्र है जो भी नदी भारतीय जनता पार्टी की रीति नीति सिद्धांतों से मिलने के लिए आएगी हमारा नेतृत्व उसको शामिल करने को लेकर तय करेगा।
कांग्रेस का जोरदार पलटवार
भाजपा नेताओं के बयान पर कांग्रेस नेताओं ने जोरदार पलटवार किया है। जीतू पटवारी से लेकर पूर्व मंत्री पीसी और कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह का भी तीखा बयान सामने आया है। सभी नेताओं ने इमरती देवी के बयान का खंडन करते हुए आड़ों हाथों लिया है।
पीसी शर्मा बोले- ‘ दिग्विजय सिंह दुनिया के आखिरी इंसान हो तब भी यह संभव नहीं’
पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने तंज कसते हुए कहा- इमरती देवी भाजपा में खुद की और ज्योतिरादित्य सिंधिया की स्थिति स्थिति देख ले फिर किसी को आमंत्रित करें। दिग्विजय सिंह इस दुनिया के आखिरी व्यक्ति होंगे अगर पूरी दुनिया खत्म हो जाएगी। तब भी वो सिर्फ सोचेंगे, लेकिन जाएंगे नहीं।
इमरती देवी ने खुद राजनीतिक आत्महत्या की- जयवर्धन सिंह
वहीं दिग्विजय सिंह के बेटे व कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने इमतरी देवी पर पलटवार करते हुए कहा कि इमरती देवी के लिए अर्ज करना चाहता हूं कि उनका जो भी कारण रहा हो, इमरती देवी ने खुद ही राजनीतिक आत्महत्या की है। आज सभी लोग जानते हैं यह वही लोग परेशान है जिन्होंने 6 साल पहले राजनीतिक सौदेबाजी की थी। आज खुद इमरती देवी खुद कहा है, वे कांग्रेस में रहती तो आज विधायक होती, आज भाजपा में है तो जनता और भाजपा ने उन्हें घर बैठा दिया है। मैं उनका सम्मान करता हूं लेकिन सौदेबाजी कोई भी नेता करें यह शोभा नहीं देता है। इसलिए आज वह खुद घर बैठी है।
यह भाजपा का ‘मैनिपुलेशन’- जीतू पटवारी
जीतू पटवारी ने इमरती देवी पर निशाना साधते हुए कहा दिग्विजय सिंह मेरे पिता तुल्य हैं, यह कंट्रोवर्सी भाजपा अपने पाप छुपाने के लिए कर रही है बिना काम के मैनिपुलेशन करना यह भाजपा का काम है। भाजपा में आज बेरोजगारी, महंगाई, किसान परेशान है। वोट चोरी हो रहे हैं। राज्य में अराजकता फैली हुई है। लेकिन अपने पाप को छिपाने के लिए भाजपा मीडिया के जरिए एजेंडे बनाने का काम कर रही है यह गलत है।