महिलाओं ने बताई पानी की किल्लत, BJP विधायक ने पकड़ाई बोतल, प्रीतम लोधी के Viral Video से मचा बवाल

Edited By Himansh sharma, Updated: 29 Jun, 2026 07:40 PM

bjp mla pritam lodhi s water bottle gesture sparks viral row

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी एक बार फिर चर्चा में हैं।

शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनका एक वायरल वीडियो है, जिसमें ग्रामीण महिलाओं की पानी और बिजली की समस्या सुनने के दौरान उनका अंदाज सोशल मीडिया पर बहस का विषय बन गया है। वीडियो में विधायक महिलाओं को पानी की समस्या के बीच एक पानी की बोतल देते नजर आते हैं, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों की प्रतिक्रियाएं भी कैमरे में कैद हो जाती हैं।

बताया जा रहा है कि शनिवार को विधायक प्रीतम लोधी अपने क्षेत्र के दौरे पर थे। इसी दौरान एक गांव में ग्रामीणों ने उनकी गाड़ी रोककर पेयजल और बिजली की बदहाल व्यवस्था की शिकायत की। महिलाओं ने कहा कि गांव में लंबे समय से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है और बिजली व्यवस्था भी प्रभावित है, जिससे लोगों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है।

ग्रामीणों की शिकायत सुनते हुए विधायक ने भरोसा दिलाया कि समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। बातचीत के दौरान महिलाओं ने कहा कि यदि काम हो जाएगा तो वे उनका समर्थन करेंगी। इस पर विधायक ने बुंदेली में मुस्कुराते हुए कहा, मोए वोट नहीं दोगे तो किसको वोट दोगे? यह संवाद भी वीडियो में रिकॉर्ड हो गया, जिसके बाद यह क्लिप तेजी से सोशल मीडिया पर साझा की जाने लगी।

इसी दौरान जब एक महिला ने पानी की समस्या दोहराई, तो विधायक ने अपनी कार से पानी की एक बोतल निकालकर उसे थमा दी। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद कुछ ग्रामीण हंस पड़े और किसी ने टिप्पणी की कि एक बोतल से क्या होगा? इसके बाद ग्रामीणों ने गांव में करीब दो महीने से खराब पड़े ट्रांसफॉर्मर (डीपी) का मुद्दा भी उठाया, जिस पर विधायक ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया और आगे के दौरे के लिए रवाना हो गए।

यह पहला मौका नहीं है जब विधायक प्रीतम लोधी अपने बयान या व्यवहार को लेकर सुर्खियों में आए हों। इससे पहले भी उनके कई सार्वजनिक बयान राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन चुके हैं। अब पानी की समस्या के बीच सामने आए इस वीडियो को लेकर भी सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। हालांकि, इस मामले में विधायक की ओर से वायरल वीडियो पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!