CM हाउस से सभी मंत्रियों को अचानक बुलावा! रातों-रात राजधानी पहुंच रहे मंत्री, क्या प्रदेश की राजनीति में होने वाला है कोई बड़ा फैसला?

Edited By Himansh sharma, Updated: 18 Jun, 2026 08:43 PM

ministers rush to raipur after sudden cm call

छत्तीसगढ़ की सत्ता के गलियारों में अचानक हलचल तेज हो गई।

रायपुर। छत्तीसगढ़ की सत्ता के गलियारों में अचानक हलचल तेज हो गई। प्रदेश सरकार के सभी मंत्रियों को रात 9 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुंचने का संदेश मिला, जिसके बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। बैठक का एजेंडा सार्वजनिक नहीं किए जाने से सियासी अटकलों को और बल मिल गया है।

जानकारी के मुताबिक, कई मंत्री अपने-अपने प्रभार वाले जिलों में सरकारी कार्यक्रमों और दौरे में व्यस्त थे, लेकिन मुख्यमंत्री सचिवालय से मिले तत्काल निर्देश के बाद उन्होंने अपने कार्यक्रम रद्द कर राजधानी का रुख कर लिया। मंत्री राजेश अग्रवाल उदयपुर से सीधे रायपुर पहुंचे, जबकि मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने एमसीबी जिले में चल रहे कार्यक्रम को बीच में छोड़कर राजधानी के लिए रवाना होना उचित समझा।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा बुलाई गई यह बैठक सामान्य नहीं है। जिस तरह से सभी मंत्रियों को अल्प समय में रायपुर पहुंचने के निर्देश दिए गए, उससे यह संकेत मिल रहे हैं कि सरकार के स्तर पर कोई महत्वपूर्ण निर्णय या रणनीतिक चर्चा होने वाली है।

सूत्रों के अनुसार बैठक में आगामी विधानसभा सत्र की तैयारियों, प्रशासनिक फेरबदल, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा और संगठन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। वहीं सत्ता के गलियारों में मंत्रिमंडल विस्तार या फेरबदल की चर्चाएं भी जोर पकड़ने लगी हैं, हालांकि सरकार की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

फिलहाल मुख्यमंत्री निवास में होने वाली इस अहम बैठक पर प्रदेश की राजनीतिक नजरें टिकी हुई हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि देर रात होने वाली इस बैठक से सिर्फ रणनीति निकलती है या फिर छत्तीसगढ़ की राजनीति को नई दिशा देने वाले कोई बड़े फैसले भी सामने आते हैं।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!