Edited By meena, Updated: 24 Jun, 2026 02:19 PM

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक धर्मवीर सिंह का अचानक निधन हो गया। बीमारी के चलते वे अस्पताल में इलाजरत थे और उन्होंने मंगलवार 23 जून 2026 को रात्रि लगभग 9 बजे के करीब अस्पताल में अंतिम सांस ली...
भोपाल: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक धर्मवीर सिंह का अचानक निधन हो गया। बीमारी के चलते वे अस्पताल में इलाजरत थे और उन्होंने मंगलवार 23 जून 2026 को रात्रि लगभग 9 बजे के करीब अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनका जीवन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की निस्वार्थ सेवा में समर्पित रहा। उनका अंतिम संस्कार बुधवार 24 जून को उनके पैतृक गांव में किया जाएगा। उनके निधन से भाजपा संगठन में शोक की लहर है। सीएम मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।
सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया के जरिए लिखा- धर्मवीर सिंह के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। आपका सम्पूर्ण जीवन कर्तव्यनिष्ठा, निस्वार्थ सेवा, राष्ट्रभक्ति और लोककल्याण के उच्च आदर्शों को समर्पित रहा है। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।
वहीं प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक धर्मवीर सिंह के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। उनका संपूर्ण जीवन अनुशासित, निःस्वार्थ भाव से राष्ट्रसेवा व समाज कल्याण के लिए समर्पित रहा। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा आत्मीय जनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति दें।