Edited By Himansh sharma, Updated: 20 Jun, 2026 02:07 PM

मध्यप्रदेश के गुना की राजनीति एक बार फिर भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य के बयान से गर्मा गई है।
गुना। (मिस्बाह नूर): मध्यप्रदेश के गुना की राजनीति एक बार फिर भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य के बयान से गर्मा गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में शाक्य ने बेहद आक्रामक और आत्मविश्वास भरे अंदाज में अपने राजनीतिक विरोधियों को संदेश देते हुए कहा कि उन्हें रोकने की हर कोशिश नाकाम रही है और आगे भी कोई उन्हें नहीं रोक पाएगा।
विधायक शाक्य ने अपनी राजनीतिक यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2008 में उनका टिकट काट दिया गया था। इसके बाद 2013 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हराने के लिए पूरी ताकत झोंक दी गई, लेकिन जनता के भरोसे और समर्थन ने उन्हें जीत दिलाई। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि 2023 के चुनाव में भी तमाम प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद जनता ने उन्हें भारी मतों से विजयी बनाकर विधानसभा भेजा।
अपने संबोधन के दौरान शाक्य ने कहा, हवा और पानी को कोई नहीं रोक सकता, उसी तरह मुझे भी कोई नहीं रोक पाएगा।" उनके इस बयान को राजनीतिक जानकार सिर्फ आत्मविश्वास का प्रदर्शन नहीं, बल्कि विरोधियों को सीधी चुनौती के रूप में देख रहे हैं।
गुना के राजनीतिक गलियारों में लंबे समय से यह चर्चा रही है कि पन्नालाल शाक्य और ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक खेमे के बीच अंदरूनी खींचतान समय-समय पर सामने आती रही है। ऐसे में उनका यह बयान कई नए राजनीतिक संकेत छोड़ गया है। हालांकि उन्होंने किसी नेता का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके शब्दों को सत्ता संगठन के भीतर चल रही राजनीतिक प्रतिस्पर्धा से जोड़कर देखा जा रहा है।
वायरल वीडियो के बाद जिले की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। समर्थक इसे शाक्य की बेबाकी और जनाधार का प्रतीक बता रहे हैं, जबकि विरोधी इसे राजनीतिक दबाव बनाने की रणनीति के रूप में देख रहे हैं। फिलहाल इतना तय है कि पन्नालाल शाक्य के इस बयान ने गुना की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है और आने वाले दिनों में इसके राजनीतिक मायने और भी स्पष्ट हो सकते हैं