Edited By meena, Updated: 12 Jun, 2026 03:07 PM

सतना जिले के ऊंचेहरा थाना क्षेत्र स्थित परसमनिया गढ़ी में गुरुवार को हुए गोलीकांड से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना में नागौद विधायक नागेंद्र सिंह के भतीजे रूपेंद्र सिंह उर्फ बाबा राजा की पत्नी योगिता सिंह...
सतना (अनुपम सिंह) : सतना जिले के ऊंचेहरा थाना क्षेत्र स्थित परसमनिया गढ़ी में गुरुवार को हुए गोलीकांड से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना में नागौद विधायक नागेंद्र सिंह के भतीजे रूपेंद्र सिंह उर्फ बाबा राजा की पत्नी योगिता सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रीवा रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, योगिता सिंह अपने बेटे और भाई के साथ परसमनिया गढ़ी पहुंची थीं। इसी दौरान वहां मौजूद सुनीता सिंह परिहार से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सुनीता सिंह ने गोली चला दी, जो योगिता सिंह के पेट में जा लगी। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए रीवा रेफर कर दिया। फिलहाल उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही ऊंचेहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी महिला सुनीता सिंह परिहार को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था और पूर्व में मारपीट की शिकायत भी पुलिस तक पहुंच चुकी है। पुलिस घटना में प्रयुक्त हथियार, विवाद की वजह और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। इस हाई-प्रोफाइल गोलीकांड के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है, जबकि पुलिस मामले की हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।