Edited By Himansh sharma, Updated: 10 Aug, 2026 03:40 PM

राजधानी भोपाल के सबसे संवेदनशील और हाई सिक्योरिटी माने जाने वाले इलाके चार इमली में दिनदहाड़े हुई चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
भोपाल। राजधानी भोपाल के सबसे संवेदनशील और हाई सिक्योरिटी माने जाने वाले इलाके चार इमली में दिनदहाड़े हुई चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस बार चोरों ने किसी आम मकान को नहीं, बल्कि भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री अजय विश्नोई के सरकारी बंगले को निशाना बनाया। खास बात यह है कि विधायक का बंगला स्पेशल डीजी के सरकारी आवास के ठीक सामने स्थित है। जानकारी के मुताबिक जबलपुर जिले की पाटन विधानसभा सीट से विधायक अजय विश्नोई को चार इमली में डी-11/03 सरकारी आवास आवंटित है। विधायक भोपाल में नियमित रूप से नहीं रहते और महीने में कुछ दिनों के लिए ही यहां आते हैं। इसी वजह से बंगला लंबे समय तक सूना रहता है।
दोपहर में टूटे ताले, अंदर पहुंचने पर खुला चोरी का राज
रविवार को बंगले में काम करने वाला व्यक्ति जब वहां पहुंचा तो मुख्य दरवाजे के ताले टूटे मिले। अंदर जाने पर घर के कई हिस्सों में भी ताले टूटे हुए दिखाई दिए। चोरों ने करीब तीन से चार दरवाजों के लॉक तोड़े, जबकि कुछ दरवाजों के ताले नहीं खुलने पर बदमाशों ने उनके कुंदे तक उखाड़ दिए। वारदात के बाद जब पूरे बंगले की जांच की गई तो चोरी का पता चला। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि चोर घर से पीतल की नल की टोंटियां समेत अन्य छोटा-मोटा सामान ले गए हैं। फिलहाल चोरी गए सामान की पूरी सूची तैयार की जा रही है।
डेढ़ बजे की वारदात, फिर भी किसी को भनक नहीं
सबसे चौंकाने वाली बात चोरी का समय है। बताया जा रहा है कि वारदात रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हुई। यह ऐसा समय है जब चार इमली जैसे इलाके में भी आवाजाही बनी रहती है। इसके बावजूद चोर ताले तोड़कर घर के भीतर दाखिल हुए और सामान लेकर निकल गए। विधायक के बंगले के ठीक सामने वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का सरकारी आवास होने के बावजूद हुई इस घटना ने इलाके की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
कुछ दिन पहले भी सूने मकान को बनाया था निशाना
स्थानीय जानकारी के अनुसार, घटना से करीब तीन-चार दिन पहले चार इमली क्षेत्र में ही एक अधिकारी के सूने मकान में चोरी की वारदात सामने आई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने हाई सिक्योरिटी जोन की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
चार इमली में पहले भी बड़ी आपराधिक घटनाएं हो चुकी हैं। 23 सितंबर 2023 को आईजी इंटेलिजेंस डॉ. आशीष जब अपनी पत्नी के साथ रात में टहल रहे थे, उसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उनके दो मोबाइल फोन झपट लिए थे। हालांकि पुलिस ने इस मामले में दो दिन के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हबीबगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि राजधानी के इतने महत्वपूर्ण और सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में चोर दिनदहाड़े कैसे पहुंचे, उन्होंने बेखौफ होकर ताले कैसे तोड़े और वारदात के बाद बिना किसी की नजर में आए मौके से कैसे फरार हो गए।