Edited By meena, Updated: 03 Aug, 2026 06:45 PM

दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। यहां कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने...
दतिया : दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। यहां कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने 6016 वोटों से जीत हासिल की है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को हरा दिया है। इसके साथ ही कांग्रेस ने दतिया में अपनी खोई हुई सीट पर वापसी की है। कांग्रेस कार्यालय समेत प्रदेश भर में जश्न का माहौल शुरु हो चुका है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मिठाई खिलाकर एक दूसरे को बधाई दी है। पहले और दूसरे राउंड में भाजपा ने अच्छी बढ़त के साथ शुरुआत की, लेकिन तीसरे राउंड के बाद कांग्रेस प्रत्याशी ने लगातार अपनी लीड बरकरार रखी।
भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के अनुसार, कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने सोमवार को दतिया विधानसभा उपचुनाव जीता और बीजेपी के आशुतोष तिवारी को 6,016 वोटों के अंतर से हराया। गिनती के सभी 15 राउंड के बाद सिंह को 66,757 वोट मिले, जबकि तिवारी को 60,741 वोट मिले। दोनों के बीच जीत का अंतर 6016 मत रहा। उपचुनाव में आजाद समाज पार्टी (काशीराम) के प्रत्याशी दामोदर यादव‘मंडल' 22,527 मत प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रहे। अन्य सभी प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई।‘नोटा'(इनमें से कोई नहीं) के पक्ष में 456 मत पड़े।
Live Updates:
इधर भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने काउंटिंग पूरी होने से पहले ही अपनी अपनी हार स्वीकार की। वे मतगणना स्थल पर पहुंचे और मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए कहा यह जनादेश है और जनता के आदेश को हाथ जोड़कर स्वीकार करता हूं। आशुतोष तिवारी ने कहा हार के कारणों की समीक्षा जाएगी। बीजेपी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी ने समर्थन के लिए वोटरों, पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं का शुक्रिया अदा किया और कहा कि वह जनता के फ़ैसले को विनम्रता से स्वीकार करेंगे।
मध्य प्रदेश में अहम माने जा रहे दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए वोटिंग 30 जुलाई को हुई थी। यह उपचुनाव कांग्रेस के मौजूदा विधायक राजेंद्र भारती के अयोग्य घोषित होने के बाद कराना पड़ा था। उन्हें अप्रैल में दिल्ली की एक अदालत ने बैंक धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले में दोषी ठहराते हुए सज़ा सुनाई थी।