Edited By Himansh sharma, Updated: 03 Aug, 2026 07:38 AM

मध्य प्रदेश की सबसे चर्चित विधानसभा सीटों में शामिल दतिया उपचुनाव का फैसला आज मतगणना के साथ सामने आएगा।
दतिया। मध्य प्रदेश की सबसे चर्चित विधानसभा सीटों में शामिल दतिया उपचुनाव का फैसला आज मतगणना के साथ सामने आएगा। सुबह 8 बजे से काउंटिंग प्रक्रिया शुरू होगी। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती होगी, जबकि सुबह 8:30 बजे से ईवीएम के मत खोले जाएंगे। निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार पहला रुझान सुबह करीब 9 बजे तक आने की संभावना है। पूरे प्रदेश की नजरें इस सीट पर टिकी हैं, क्योंकि यह चुनाव केवल एक विधानसभा सीट का नहीं, बल्कि भाजपा और कांग्रेस दोनों की राजनीतिक प्रतिष्ठा से भी जुड़ा माना जा रहा है।
15 राउंड में खुलेगा जीत-हार का राज
मतगणना कुल 15 राउंड में पूरी की जाएगी। इसके लिए 21 टेबल बनाई गई हैं, जिनमें 20 टेबल ईवीएम की गिनती और एक टेबल डाक मतपत्रों के लिए निर्धारित की गई है। पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए करीब 350 अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। मतगणना केंद्र पर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू है और प्रत्येक चरण की निगरानी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार की जाएगी।
भाजपा-कांग्रेस में सीधा मुकाबला
दतिया उपचुनाव में मुकाबला मुख्य रूप से भाजपा के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह के बीच माना जा रहा है। भाजपा ने इस चुनाव में पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी पर दांव लगाया है, जबकि कांग्रेस ने घनश्याम सिंह को उम्मीदवार बनाकर सत्ता पक्ष को कड़ी चुनौती दी है। ऐसे में आज आने वाला परिणाम दोनों दलों के लिए राजनीतिक संदेश देने वाला माना जा रहा है।
पूरे प्रदेश की नजरें दतिया पर
दतिया उपचुनाव का परिणाम केवल स्थानीय राजनीति तक सीमित नहीं है। इसे मध्य प्रदेश की बदलती राजनीतिक दिशा और आगामी चुनावी रणनीतियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सुबह से शुरू होने वाली मतगणना के साथ हर राउंड पर राजनीतिक दलों की धड़कनें तेज रहेंगी और दोपहर तक यह साफ हो जाएगा कि दतिया की जनता ने किसे अपना जनप्रतिनिधि चुना है।