Edited By Himansh sharma, Updated: 23 Aug, 2026 04:59 PM

छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में रविवार दोपहर मंत्री केदार कश्यप के काफिले में शामिल वाहनों की एक स्कॉर्पियो से जोरदार भिड़ंत हो गई।
कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में रविवार दोपहर मंत्री केदार कश्यप के काफिले में शामिल वाहनों की एक स्कॉर्पियो से जोरदार भिड़ंत हो गई। जूनवानी के पास हुए इस हादसे में छह लोग घायल हुए हैं। घायलों में मंत्री के पीए, ड्राइवर और चार पुलिसकर्मी शामिल हैं। इनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।जानकारी के अनुसार, मंत्री केदार कश्यप अपने गृह ग्राम फरसागुड़ा से कोंडागांव की ओर जा रहे थे। जूनवानी के नजदीक कोंडागांव से जगदलपुर की दिशा में जा रही एक स्कॉर्पियो अचानक मंत्री के काफिले की कार से टकरा गई। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो का संतुलन बिगड़ गया और वह काफिले के पीछे चल रहे फॉलो वाहन से जा भिड़ी।
हादसे के समय मंत्री केदार कश्यप स्वयं कार में मौजूद थे। दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोट नहीं आई और वे सुरक्षित बच गए। हालांकि काफिले में मौजूद अन्य लोगों को चोटें आई हैं।हादसे के बाद घायलों को तत्काल कोंडागांव जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकीय जांच के बाद मंत्री के पीए अनुराग शर्मा, ड्राइवर सुनील कुमार मौर्य और प्रधान आरक्षक राजेश नेताम तथा आरक्षक सुगंतिन उसेंडी को गंभीर चोटों के चलते रायपुर रेफर किया गया।
अनुराग शर्मा को सीने में दर्द की शिकायत है, जबकि सुनील कुमार मौर्य के सिर, चेहरे और पैर में चोट आई है। प्रधान आरक्षक राजेश नेताम और आरक्षक सुगंतिन उसेंडी को सिर में गंभीर चोटें बताई गई हैं। वहीं आरक्षक त्रिलोतमा मदरू को सिर, सीने, पीठ और दाहिने हाथ में चोट लगी है। आरक्षक नर्मदा मरकाम के सिर और बाएं कंधे में चोट आई है।
हादसे के बाद सड़क पर मची अफरा-तफरी
टक्कर इतनी तेज थी कि काफिले का फॉलो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जेसीबी की मदद से सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात को सामान्य कराया जा सका।
फिलहाल पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्कॉर्पियो चालक से पूछताछ और दुर्घटना की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है। शुरुआती घटनाक्रम के मुताबिक स्कॉर्पियो के काफिले में टकराने के बाद लगातार दो टक्कर हुईं, जिससे कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। मंत्री केदार कश्यप के सुरक्षित होने से प्रशासन ने राहत की सांस ली है। हालांकि चार घायलों को रायपुर रेफर किए जाने के बाद उनकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।