Edited By meena, Updated: 22 Sep, 2026 09:04 PM

ग्वालियर में राजनीतिक बवाल का एक बड़ा मामला सामने आया है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के कार्यक्रम में हंगामा हुआ है। दरअसल भूमिपूजन...
ग्वालियर (अंकुर जैन) : ग्वालियर में राजनीतिक बवाल का एक बड़ा मामला सामने आया है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के कार्यक्रम में हंगामा हुआ है। दरअसल भूमिपूजन कार्यक्रम में सिंधिया के संबोधन के दौरान कुछ युवाओं ने नारेबाजी शुरु कर काले झंडे दिखाए जिससे मौके पर असहज स्थिति पैदा हो गई। अब इस मामले को लेकर राजनीति शुरु हो गई है।
वीडियो
बताया जा रहा है कि कुशवाह समाज के छात्रावास एवं सामुदायिक भवन के भूमिपूजन कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का संबोधन शुरू होते ही कुछ युवाओं ने इसका विरोध किया। सामने की पंक्ति में बैठे इन युवाओं ने शोर-शराबे के बीच, राजनीति नहीं चलेगी और समाज को बांटना बंद करो जैसे नारे लगाए। कुछ युवाओं के हाथ में काले झंडे भी थे। हालांकि हंगामा बढ़ने पर आयोजकों ने पुलिस की मदद से इन युवाओं को पंडाल से बाहर निकाल दिया। जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच झड़प हुई और एक दूसरे पर कुर्सियां भी फेंकी गईं।

वहीं कार्यक्रम में हंगामे के बीच सिंधिया ने मंच से कहा कि इन्हें अपना काम करने दो, हम अपना काम करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि हंगामा करने वालों के नाम और उन्हें भेजने वाले का नाम नोट कर लिया गया है। हंगामे का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि पुलिस युवाओं को खींचकर ले जाने का प्रयास कर रही है, जबकि कुछ आयोजक उनकी पिटाई करने की कोशिश कर रहे हैं।

राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि यह पूरा मामला सांसद भारत सिंह कुशवाह और मध्यप्रदेश के उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह के बीच चल रही खींचतान का नतीजा है। कार्यक्रम के सूत्रधार उद्यानिकी मंत्री ही बताए जा रहे हैं लेकिन सांसद को आमंत्रित नहीं किया गया जिससे उनके समर्थकों में नाराजगी इस तरह से उजागर हुई। वहीं इस पूरे प्रकरण में सामाजिक न्याय विभाग के मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर खेद जताया है। उन्होंने कहा कि प्रभावशाली नेताओं के बहकावे में आकर युवाओं ने यह कृत्य किया। उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि कुशवाह समाज किसी की जागीर नहीं है और उच्च पद पर बैठकर अपनी शक्ति का गलत इस्तेमाल करना उचित नहीं है।