Edited By meena, Updated: 21 Nov, 2026 03:34 PM

मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में सर्दियों में ही पानी की किल्लत शुरु हो गई है। संभावित पेयजल संकट को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा कदम...
उज्जैन (विशाल सिंह) : मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में सर्दियों में ही पानी की किल्लत शुरु हो गई है। संभावित पेयजल संकट को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी रोशन सिंह ने पूरे उज्जैन जिले को जल अभावग्रस्त क्षेत्र घोषित कर दिया है। इसके साथ ही जिले में निजी और अशासकीय नलकूप खनन पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया गया है।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की रिपोर्ट के अनुसार तराना और महिदपुर विकासखंड अतिदोहित श्रेणी में शामिल हैं, जबकि उज्जैन, घट्टिया, बड़नगर और खाचरौद अर्द्धदोहित श्रेणी में हैं। भूजल स्तर में लगातार गिरावट को देखते हुए प्रशासन ने यह सख्त फैसला लिया है।
आदेश के मुताबिक, अब बिना अनुमति बोरिंग मशीनों के जिले में प्रवेश और निजी बोरिंग करने पर रोक रहेगी। विशेष परिस्थितियों में संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। नियमों का उल्लंघन करने पर बोरिंग मशीन जब्त करने के साथ एफआईआर भी दर्ज कराई जा सकती है।
वहीं, प्रतिबंध का उल्लंघन करने पर पहली बार 5 हजार रुपये और दोबारा उल्लंघन करने पर प्रत्येक अपराध के लिए 10 हजार रुपये जुर्माना या दो साल तक की सजा का प्रावधान है।