MP के इस जिले में 1,223 शिक्षकों को नवरात्रि की सौगात, क्रमोन्नति आदेश जारी

Edited By meena, Updated: 15 Oct, 2026 07:59 PM

a navratri gift for 1 223 teachers in this mp district promotion upgradation or

जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया के अनुमोदन के बाद जारी आदेश से पात्र शिक्षकों को 12, 24, 30 और 35 साल की सेवा पूरी करने पर क्रमोन्नत वेतनमान का लाभ मिलेगा। नवरात्रि के दौरान आदेश...

छतरपुर (राजेश चौरसिया) : जिले के 1,223 प्राथमिक और सहायक शिक्षकों का क्रमोन्नत वेतनमान का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार खत्म हो गया है। जिला शिक्षा विभाग ने क्रमोन्नति के आदेश जारी कर दिए हैं। जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया के अनुमोदन के बाद जारी आदेश से पात्र शिक्षकों को 12, 24, 30 और 35 साल की सेवा पूरी करने पर क्रमोन्नत वेतनमान का लाभ मिलेगा। नवरात्रि के दौरान आदेश जारी होने से शिक्षक वर्ग में खुशी का माहौल है।

कर्मचारी संघ ने बैठक में उठाया था मुद्दा

शिक्षकों की लंबित क्रमोन्नति का मामला पिछले महीने कलेक्टर मृणाल मीणा की अध्यक्षता में हुई मान्यता प्राप्त कर्मचारी संघों की परामर्शदात्री बैठक में उठाया गया था। मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ ने इस मुद्दे को प्रमुखता से रखते हुए जल्द निराकरण की मांग की थी। इसके बाद कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को समय-सीमा में प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए थे।

समिति ने सेवा अभिलेखों का किया परीक्षण

कलेक्टर के निर्देश के बाद जिला शिक्षा अधिकारी पीके रैकवार ने सभी संकुल प्राचार्यों से क्रमोन्नति के प्रस्ताव बुलाए। इसके बाद जिला स्तरीय परीक्षण समिति गठित कर शिक्षकों के सेवा अभिलेखों की जांच कराई गई। समिति में प्राचार्य जीडी अहिरवार (महेबा), आरएम त्रिपाठी (निवारी), अनिल पटेल, पीडी तिवारी और विपिन दीक्षित शामिल थे। समिति की रिपोर्ट के आधार पर पात्र शिक्षकों की क्रमोन्नति के आदेश जारी किए गए।

30 अप्रैल 2026 की स्थिति में तय हुई पात्रता

जिला शिक्षा विभाग के आदेश के अनुसार, 30 अप्रैल 2026 की स्थिति में निर्धारित सेवा अवधि पूरी करने वाले प्राथमिक और सहायक शिक्षकों को योजना में शामिल किया गया है। विभाग के मुताबिक, क्रमोन्नति की प्रक्रिया पूरी कर पात्र शिक्षकों को लाभ देने की कार्रवाई की गई है।

जिला शिक्षा अधिकारी पीके रैकवार ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं और उनके देय लाभों का पारदर्शी व समयबद्ध निराकरण विभाग की प्राथमिकता है। शिक्षकों को नियमानुसार मिलने वाले लाभ बिना अनावश्यक देरी के उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!