Edited By meena, Updated: 19 Sep, 2026 11:50 AM

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गुढि़यारी थाना परिसर में हंगामा और कथित तोड़फोड़ के मामले में पुलिस भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष शुभांकर...
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गुढि़यारी थाना परिसर में हंगामा और कथित तोड़फोड़ के मामले में पुलिस भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष शुभांकर द्विवेदी की तलाश कर रही है। पुलिस ने शुक्रवार देर रात उनकी गिरफ्तारी के लिए घर पर दबिश दी लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह वहां से फरार हो गए। पुलिस से शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार मामला गुढि़यारी थाना क्षेत्र में निर्धारित समय-सीमा के बाद डीजे बजाने से संबंधित है। पुलिस डीजे संचालक के खिलाफ कारर्वाई करते हुए संबंधित व्यक्ति को थाने लेकर आई थी। इसी दौरान द्विवेदी थाना पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पुलिसकर्मियों पर कारर्वाई रोकने और डीजे संचालक को छोड़ने के लिए दबाव बनाया। बताया गया है कि इसी बात को लेकर पुलिसकर्मियों और द्विवेदी के बीच विवाद बढ़ गया और थाना परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई।
आरोप है कि इस दौरान थाना परिसर में रखे कुछ सामान में तोड़फोड़ भी की गई। घटना के बाद पुलिस ने मोर्चा जिला उपाध्यक्ष और उनके साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इस बीच गुढि़यारी थाना प्रभारी नरेंद्र साहू के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला भी तूल पकड़ रहा है। छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ ने पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला को पत्र सौंपकर घटना को गंभीर और निंदनीय बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कारर्वाई की मांग की है।
साहू संघ ने प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष और तत्काल जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कारर्वाई की मांग की है। संघ ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की भी मांग की है। पुलिस शुभांकर द्विवेदी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।