Edited By meena, Updated: 23 Aug, 2023 04:29 PM
समूचे विश्व की निगाहें भारत के चंद्रयान-3 की सफलता पर टिकी हुई है...
ग्वालियर(अंकुर जैन): समूचे विश्व की निगाहें भारत के चंद्रयान-3 की सफलता पर टिकी हुई है। अब से कुछ ही देर बाद 6 बजकर 4 मिनट पर चंद्रयान-3 चंद्रमा की धरती पर लैंड करेगा। चंद्रयान-3 की सफलतापूर्वक चंद्रमा पर उतरने के लिए देवालायों में प्रार्थना की जा रहीं हैं और स्कूल के छात्रों को चंद्रयान-3 की साफ्ट लैंडिंग लाइव दिखाने की व्यवस्था की जा रही है। रूस की असफलता के बाद अब भारत का चंद्रयान-3 समूचे देश के साथ विश्व की आशा का केंद्र बना हुआ है। भारत इतिहास रचने के चंद कदम दूर हैं। ऐसे में मंदिरों में भी चंद्रयान की सफलता के लिए पूजा अर्चना का दौर भी शुरू हो गया है।
जैन समाज द्वारा आज ग्वालियर के नई सडक स्थित जैन मंदिर में चंद्रयान की सफलता के लिए विशेष पूजा अर्चना की। जैन संतों की मौजूदगी में यहां जैन समाज के लोग जिनमें काफी संख्या में महिलाएं भी शामिल थी उन्होंने भगवान से चंद्रयान की सफलता के लिए ना सिर्फ विनती लगाई बल्कि चंद्रयान मिशन को लेकर लोगों में काफी उत्साह भी देखने को मिला। जैन श्रद्धालुओं का कहना है कि चंद्रयान मिशन के साथ आज देश में इतिहास लिखा जाएगा और पूरे हिंदुस्तान का नाम रोशन होगा। इस उपलक्ष्य में यहां णमोकार महामंत्र का पाठ और पंचपरमेष्ठी विधान का आयोजन कर भगवान पार्श्वनाथ का निर्माण महोत्सव मनाया गया है और चंद्रयान मिशन की सफलता के लिए भगवान से आराधना की गई है।