Edited By meena, Updated: 26 Oct, 2026 02:01 PM

मध्य प्रदेश के इंदौर एयरपोर्ट पर पूर्व लोकसभा अध्यक्ष और भाजपा की वरिष्ठ नेता सुमित्रा महाजन की सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया है। एयरपोर्ट के VIP...
इंदौर (सचिन बहरानी) : मध्य प्रदेश के इंदौर एयरपोर्ट पर पूर्व लोकसभा अध्यक्ष और भाजपा की वरिष्ठ नेता सुमित्रा महाजन की सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया है। एयरपोर्ट के VIP लाउंज में एक अनजान व्यक्ति अचानक उनके पास पहुंच गया। व्यक्ति के नशे में होने की आशंका जताई गई है। घटना के दौरान सुमित्रा महाजन दो बार असहज हुईं, जिसके बाद उनके PA राजेश मिश्रा ने CISF को इसकी सूचना दी।

जानकारी के मुताबिक, सुमित्रा महाजन अहिल्या स्मारक को लेकर चर्चा के सिलसिले में एयरपोर्ट पहुंची थीं। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उनके पास आ गया। शुरुआत में उसने राजनीतिक विषयों पर बातचीत की, लेकिन बाद में वह इधर-उधर की बातें करने लगा। उसके व्यवहार से सुमित्रा महाजन असहज हो गईं। स्थिति को देखते हुए उनके PA राजेश मिश्रा ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों को सूचना दी। इसके बाद सुरक्षाकर्मी उस व्यक्ति को अपने साथ ले गए। हालांकि, आरोप है कि बाद में सुरक्षा कर्मियों ने उस व्यक्ति की पहचान दर्ज किए बिना ही उसे जाने दिया।
घटना को लेकर सुमित्रा महाजन ने नाराजगी जताई। एयरपोर्ट जैसे संवेदनशील स्थान पर VIP लाउंज में इस तरह किसी अनजान व्यक्ति का पहुंचना और उसकी पहचान दर्ज किए बिना छोड़ दिया जाना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। फिलहाल, इस मामले में संबंधित सुरक्षा एजेंसियों की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने की जानकारी उपलब्ध नहीं है।