Edited By Vandana Khosla, Updated: 17 Oct, 2026 02:43 PM

रायपुरः छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी 25 अक्टूबर को दो दिवसीय प्रवास पर रायपुर पहुंचेंगी। उनके...
रायपुरः छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी 25 अक्टूबर को दो दिवसीय प्रवास पर रायपुर पहुंचेंगी। उनके साथ प्रदेश सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी मौजूद रहेंगे। पार्टी नेताओं से आज मिली जानकारी के अनुसार, करीब आठ महीने के अंतराल के बाद प्रदेश भाजपा को नए प्रभारी और सह प्रभारी मिले हैं। नियुक्ति के बाद स्मृति ईरानी का यह पहला प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरा होगा। उनके आगमन को लेकर प्रदेश संगठन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 25 अक्टूबर की सुबह रायपुर विमानतल पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारी उनका स्वागत करेंगे। दो दिवसीय प्रवास के दौरान राजधानी स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में विभिन्न स्तरों की संगठनात्मक बैठकें आयोजित की जाएंगी। इनमें वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठनात्मक ढांचे को सुद्दढ़ करने, पदाधिकारियों की कार्यप्रणाली और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर विचार-विमर्श होने की संभावना है। दौरे के पहले दिन स्मृति ईरानी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव, नवनियुक्त संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह और संगठन के अन्य महामंत्रियों के साथ बैठक करेंगी। इसके बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित राज्य सरकार के मंत्रियों, सांसदों तथा विधायकों के साथ संगठन और सरकार के बीच समन्वय सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा प्रस्तावित है।
इस दौरान प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग एवं जिला प्रभारियों, सह प्रभारियों, जिलाध्यक्षों, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों तथा प्रकोष्ठों के संयोजकों और सह संयोजकों के साथ भी अलग-अलग बैठकें होंगी। इनमें संगठन की वर्तमान गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और विभिन्न स्तरों पर पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों की समीक्षा किए जाने की संभावना है। प्रदेश भाजपा के कोर ग्रुप की बैठक भी प्रस्तावित कार्यक्रम में शामिल है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस प्रवास के दौरान ऐसे वरिष्ठ नेताओं के साथ अलग से चर्चा हो सकती है, जो वर्तमान में संगठन में किसी प्रमुख दायित्व पर नहीं हैं।
स्मृति ईरानी इन नेताओं से व्यक्तिगत संवाद कर उनके अनुभव और भविष्य की संगठनात्मक भूमिका के संबंध में विचार-विमर्श कर सकती हैं। माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पार्टी अनुभवी नेताओं की संगठन में सक्रिय भागीदारी बढ़ाने और विभिन्न स्तरों पर जिम्मेदारियों के पुनर्निर्धारण पर भी विचार कर सकती है। हालांकि, नई जिम्मेदारियों के संबंध में अंतिम निर्णय संगठनात्मक बैठकों और विचार-विमर्श के बाद ही होने की संभावना है। भाजपा प्रदेश प्रभारी के इस दौरे में संगठन की मौजूदा स्थिति की समीक्षा के साथ वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव के लिए आगामी कार्ययोजना पर चर्चा प्रमुख विषय रहने की उम्मीद है।