Edited By meena, Updated: 03 Jun, 2025 03:15 PM

कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज मध्य प्रदेश के दौरे पर पहुंचे हैं। राजा भोज एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेताओं ने...
भोपाल (इजहार हसन) : कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज मध्य प्रदेश के दौरे पर पहुंचे हैं। राजा भोज एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया जिसके बाद वे सीधे कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री एवं अपनी दादी इंदिरा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित कीष लेकिन इस दौरान उन्होंने एक बड़ी गलती कर दी। उन्होंने अपनी दादी इंदिरा को जूते पहनकर फूल अर्पित किए और उनका अपमान कर दिया। इस मामले को लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि यह हमारे संस्कार नहीं है।
दरअसल, कांग्रेस कार्यालय के बाहर पुष्पांजलि के लिए इंदिरा गांधी जी की तस्वीर रखी गई थी। राहुल गांधी और उनके साथी नेताओं ने तस्वीर पर फूल चढ़ाए लेकिन उन्होंने जूते नहीं उतारे। उनके साथ मौजूद विधानसभा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी जूते पहनकर पुष्प अर्पित किए। हालांकि बाकी नेताओं ने जूता उतारकर पुष्प अर्पित किए। इसका एक वीडियो भी सामने आया है।

इस मामले को लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि हमारे राज्य केअंदर नेता प्रतिपक्ष आए हैं। आना चाहिए। लोकतंत्र है। सबको आने का अधिकार है। दादी जी को पुष्पांजलि अर्पित की और जूते नहीं उतारे। यह मुझे जंचा नहीं। यह हमारे संस्कारों के विरुद्ध है। उन्हें इसका ध्यान रखना चाहिए।'' सीएम ने आगे कहा कि जिसे अपने पूर्वजों के प्रति कोई श्रद्धा नहीं है, भारत की संस्कृति की जानकारी नहीं है, ऐसे व्यक्ति को कांग्रेस देश का प्रधानमंत्री बनाने के सपने देख रही है।