Edited By meena, Updated: 03 Apr, 2026 02:49 PM

छतरपुर शहर में बस कंडक्टर और पुलिस आरक्षक के बीच विवाद का मामला सामने आया है, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया...
छतरपुर (राजेश चौरसिया) : छतरपुर शहर में बस कंडक्टर और पुलिस आरक्षक के बीच विवाद का मामला सामने आया है, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच विवाद किराए को लेकर शुरू हुआ था।
जानकारी के मुताबिक, घटना शहर के श्यामा प्रसाद मुखर्जी अंतर राज्य बस स्टैंड के बाहर बस स्टैंड चौराहे की है, जो सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में आता है। यहां एक बस कंडक्टर और पुलिस आरक्षक के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही उग्र हो गई।
किराए को लेकर शुरू हुआ विवाद, हाथापाई तक पहुंचा मामला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिसकर्मी और कंडक्टर के बीच बस किराए को लेकर कहासुनी हुई थी। दोनों के बीच पहले जुबानी बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इस दौरान कंडक्टर द्वारा पुलिसकर्मी के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई है।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और चर्चा का विषय बना हुआ है।
पुलिस ने लिया संज्ञान, जांच जारी
मामले में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद सिंह दांगी ने बताया कि घटना का वीडियो और मामला उनके संज्ञान में आया है। फिलहाल पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि वीडियो की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।