नवरात्रि में आएगा CM मोहन का नया चैलेंजर जेट, 11 सीटर जेट में मिलेंगी लग्जरी सुविधाएं

Edited By meena, Updated: 09 Oct, 2026 04:51 PM

cm mohan yadav s new challenger jet to arrive during navratri insurance cover w

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और अन्य विशिष्ट अतिथियों की हवाई यात्रा के लिए खरीदा गया नया स्टेट प्लेन जल्द ही प्रदेश पहुंचने वाला है...

भोपाल: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और अन्य विशिष्ट अतिथियों की हवाई यात्रा के लिए खरीदा गया नया स्टेट प्लेन जल्द ही प्रदेश पहुंचने वाला है। कनाडा की विमान निर्माता कंपनी बॉम्बार्डियर का चैलेंजर 3500 जेट विमान नवरात्रि के दौरान नई दिल्ली पहुंचेगा। यहां कस्टम क्लीयरेंस की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसे भोपाल लाया जाएगा। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस विमान के लिए राज्य सरकार करीब 268 करोड़ रुपये का बीमा कराने जा रही है। इसके लिए बीमा कंपनियों से दरें आमंत्रित की गई हैं।

विमान, यात्रियों और सामान का होगा बीमा

नए स्टेट प्लेन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमानन विभाग बीमा कराने की तैयारी कर रहा है। इस बीमा में विमान के साथ उसमें यात्रा करने वाले यात्रियों और सामान को भी शामिल किया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार को करीब दो करोड़ रुपये प्रीमियम का भुगतान करना पड़ सकता है। सरकार इस बार विमान के बीमा को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहती। नए विमान को दिल्ली से भोपाल लाने से पहले बीमा की प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी है।

पुराने विमान के हादसे से लिया सबक

दरअसल, मध्यप्रदेश सरकार ने इससे पहले अमेरिकी कंपनी टेक्सट्रॉन से करीब 65 करोड़ रुपये में बीचक्राफ्ट किंग एयर बी-250 विमान खरीदा था। यह विमान 6 मई 2021 को ग्वालियर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया था। उस समय विमान का बीमा नहीं था, जिसके चलते नुकसान का आर्थिक बोझ राज्य सरकार पर आया। यह विमान अब उपयोग करने की स्थिति में नहीं है। सरकार ने इसे बेचने के लिए ऑफसेट दर तय कर टेंडर भी जारी किया था, लेकिन अब तक इसे खरीदार नहीं मिल पाया है। ऐसे में पुराने विमान के अनुभव को देखते हुए नए चैलेंजर 3500 जेट का बीमा कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

11 सीटर विमान में मिलेंगी अत्याधुनिक सुविधाएं

चैलेंजर 3500 जेट विमान 11 सीटों वाला होगा। इसमें दो पायलटों के लिए अलग सीटें होंगी और विमान में डबल इंजन लगाया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए इसमें वाई-फाई, टीवी, पेंट्री यानी छोटी रसोई, बाथरूम और सामान रखने के लिए कार्गो की व्यवस्था होगी। विमान के अंदर और बाहर सामान रखने की सुविधा भी बताई गई है। इस विमान में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इसके जरिए यात्रियों को विमान की लोकेशन और गंतव्य तक पहुंचने के अनुमानित समय की जानकारी मिल सकेगी। इसकी सीटें आरामदायक और एडजस्टेबल हैं। साथ ही, सीटों को 360 डिग्री तक घुमाने की सुविधा भी दी गई है।

दिल्ली से भोपाल लाने में लगेगा समय

नया विमान नवरात्रि के दौरान नई दिल्ली पहुंचेगा। इसके बाद कस्टम क्लीयरेंस की प्रक्रिया पूरी करने में तीन से चार दिन लगने की संभावना है। औपचारिकताएं पूरी होने के बाद विमान को भोपाल लाया जाएगा। इस नए स्टेट प्लेन का इस्तेमाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और अन्य विशिष्ट अतिथियों की हवाई यात्राओं के लिए किया जाएगा।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!