Edited By Vandana Khosla, Updated: 20 Nov, 2026 05:10 PM

पन्ना (टाइगर खान): मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। रोज़मर्रा की भागदौड़ में ऑटो चलाकर परिवार का गुजारा करने वाले सोनू रैकवार की किस्मत देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर अचानक चमक उठी है। जी हां यहां ऑटो चालक को 15...
पन्ना (टाइगर खान): मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। रोज़मर्रा की भागदौड़ में ऑटो चलाकर परिवार का गुजारा करने वाले सोनू रैकवार की किस्मत देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर अचानक चमक उठी है। जी हां यहां ऑटो चालक को 15 लाख का हीरा मिला है।
सोनू पुत्र बाबूलाल रैकवार के मुताबिक, पिछले 10 से 15 दिनों से उन्हें रात में सोते समय लगातार हीरा मिलने के सपने आ रहे थे। जब नींद खुलती तो उन्हें लगता कि काश यह सपना सच हो जाए। आखिरकार उन्होंने यह बात अपने परिवार वालों को बताई, जिसके बाद घरवालों ने उन्हें खदान लगाने की सलाह दी। परिवार की सलाह पर सोनू ने कार्यालय से पट्टा लिया और पहली बार रानीपुर क्षेत्र में उथली खदान शुरू कर दी।
हैरानी की बात यह है कि खदान लगाने के महज 15 दिनों की मेहनत में ही उनका सपना सच हो गया और उन्हें 3.17 कैरेट का चमचमाता हीरा मिल गया, जिसकी कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी जा रही है। इस बड़ी कामयाबी के बाद सोनू और उनके परिवार में खुशी का माहौल है। सोनू का कहना है कि नीलामी से मिलने वाली रकम से वे आगे भी खदान लगाएंगे और बड़े हीरे की तलाश जारी रखेंगे, क्योंकि उन्हें अब भी बड़ा हीरा मिलने के सपने आ रहे हैं।
फिलहाल इस हीरे को हीरा कार्यालय में जमा करा दिया गया है। हीरा पारखी अनुपम सिंह के अनुसार, यह जेम्स क्वालिटी का हीरा है, जिसकी बाजार में अच्छी मांग है और इसे आगामी नीलामी में रखा जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि हीरा कार्यालय में अब तक 175 नग हीरे जमा हैं, जिनका वजन 387.21 कैरेट और अनुमानित कीमत 3 करोड़ 1 लाख रुपये है।