Edited By Himansh sharma, Updated: 27 Mar, 2025 11:42 PM
भोपाल में ठगी के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
भोपाल। (इजहार खान): मध्य प्रदेश के भोपाल की साइबर क्राइम ब्रांच ने पैसों का लालच देकर ग्रामीणों के खाते खुलवाकर साइबर जालसाजों को बेचने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को आरोपियों द्वारा देशभर में करीब 40 खाते बेचे जाने की जानकारी मिली है। आरोपियों में एक युवक एलएलबी का छात्र भी शामिल है। सायबर एसीपी सुजीत तिवारी ने बताया कि यह गिरोह ग्रामीणों के बैंक खाते खुलवाकर ठगों को बेचता था। देवास से पकड़ा गया रोहित जायसवाल इस गिरोह का सरगना है। एलएलबी कर रहा रोहित ठगी की गई रकम को क्रिप्टो करेंसी में बदलने का काम करता था।
वह देशभर के ठगों को किराए पर खाते भी उपलब्ध करवाता था, जिसके एवज में उसे 5 से 7 हजार रुपए मिलते थे। आरोपियों के बेचे गए खातों से करोड़ों रुपए का लेनदेन किया जा चुका है। पुलिस इन खातों की बारीकी से जांच कर रही है। यह भी पड़ताल की जा रही है कि क्या इन खातों से विदेशों में भी ट्रांजेक्शन किए गए हैं। नेहरू नगर निवासी अरुण प्रकाश चौधरी से 7 अक्टूबर को 16.70 लाख रुपए की ठगी हुई थी।
ऑनलाइन जॉब के नाम पर ठगों ने उन्हें लिंक भेजकर टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ लिया और घर बैठे ऑनलाइन टास्क पूरा करने के नाम पर यह रकम ठग ली। शिकायत पुलिस तक पहुंचने के बाद, मोबाइल नंबर और टेलीग्राम ग्रुप के आईपी एड्रेस के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।