Edited By Himansh sharma, Updated: 18 May, 2025 11:25 PM

मध्य प्रदेश के गुना के प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत जिले के दौरे पर हैं।
गुना। (मिस्बाह नूर): मध्य प्रदेश के गुना के प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत जिले के दौरे पर हैं। उन्होंने रविवार को कलेक्ट्रेट में शांति समिति की बैठक ली। बैठक में आए सुझावों को गौर करने लायक बताते हुए गोविंद सिंह ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं। बैठक के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए प्रभारी मंत्री अधिकांश सवालों को टालते हुए रवाना हो गए। इससे पहले गोविंद सिंह राजपूत ने कलेक्ट्रेट में हुई शांति समिति की बैठक में सदस्यों से चर्चा करते हुए जिले में डीजे पर सख्ती बरकरार रखने की बात कही है।
जिले के प्रभारी मंत्री ने कलेक्टर और पुलिस प्रशासन को हिदायत दी कि सिर्फ धीमी आवाज वाले डीजे ही चलाने की अनुमति दी जाए। इस आदेश का उल्लंघन होने पर कार्रवाई करने के निर्देश गोविंद सिंह राजपूत ने दिए हैं। गुना दौरे पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए राजपूत मप्र सरकार के केबिनेट मंत्री विजय शाह और उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा द्वारा सेना पर की गई टिप्पणी के सवाल को पूरी तरह टाल गए। उन्होंने कहा कि इन सवालों का जवाब देने की स्थिति में नहीं हूं।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ही बेहतर तरीके से इसका जवाब दे पाएंगे। गुना विधायक पन्नालाल द्वारा पार्टी और सरकार पर उपेक्षा के आरोप लगाने पर गोविंद सिंह ने मजाकिया लहजे में कहा कि पन्नालाल वरिष्ठ विधायक हैं, उनकी हर बात सुनी जाती है। इसके बाद वे कलेक्ट्रेट से रवाना हो गए।