Edited By Vandana Khosla, Updated: 11 Sep, 2026 10:54 AM

रायसेनः जिले की उदयपुरा विधानसभा क्षेत्र में रक्षाबंधन कार्यक्रम से लौट रहे स्वास्थ्य राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल पर एक किसान ने थप्पड़ मारने का आरोप लगाया है। किसान का आरोप है कि उसने मंत्री पटेल से खाद की किल्लत को लेकर अपनी समस्या बताई थी।...
रायसेनः जिले की उदयपुरा विधानसभा क्षेत्र में रक्षाबंधन कार्यक्रम से लौट रहे स्वास्थ्य राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल पर एक किसान ने थप्पड़ मारने का आरोप लगाया है। किसान का आरोप है कि उसने मंत्री पटेल से खाद की किल्लत को लेकर अपनी समस्या बताई थी। जिस पर गुस्से में मंत्री जी ने भीड़ के सामने उसे थप्पड़ मार दिया। घटना से जुड़ा किसान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी वायरल हो रहा है। कांग्रेस नेताओं की ओर से भी इस वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार घटना 5 सितंबर को गुगलबाड़े में आयोजित राखी बंधन कार्यक्रम के बाद की बताई जा रही है। कार्यक्रम में बहनों से रक्षा सूत्र बंधवाने के बाद मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल वापस लौट रहे थे। इसी दौरान भरकच्छ निवासी किसान धर्मेंद्र सिंह चौहान पिता शंकर सिंह चौहान ने मंत्री जी से खाद नहीं मिलने की समस्या को लेकर अपनी बात रखी। किसान धर्मेंद्र का आरोप है कि खाद की समस्या बताने पर मंत्री जी नाराज हो गए और उन्होंने सभी के सामने उसे थप्पड़ मार दिया। जिससे किसान आत्मग्लानि में है।
हालांकि, मंत्री पटेल द्वारा थप्पड़ मारने का कोई प्रत्यक्ष वीडियो सामने नहीं आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में किसान धर्मेंद्र सिंह चौहान कांग्रेस नेताओं को घटना के बारे में अपनी आपबीती बताते हुए नजर आ रहा है।
थप्पड़ का वीडियो नहीं, किसान का बयान वायरल
घटना को लेकर कांग्रेस ने किसान के बयान वाले वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल किया है। वीडियो सामने आने के बाद तरह तरह की राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। किसान के आरोपों को लेकर अब मंत्रीजी की ओर से किसी आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।
वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में किसान द्वारा लगाए गए आरोपों की सत्यता की पुष्टि वीडियो मात्र से नहीं की जा सकती। बहरहाल अब देखना यह होगा कि कांग्रेस पार्टी के नेता इस मामले को कितना तूल देती है और स्वास्थ्य राज्य मंत्री पटेल की ओर से आरोपों पर क्या सफाई सामने आती है।