Edited By Himansh sharma, Updated: 16 Nov, 2026 12:25 PM

मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में भाजपा संगठन के भीतर जल्द ही बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
रायसेन। (शिवलाल यादव): मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में भाजपा संगठन के भीतर जल्द ही बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। पार्टी ने जिला, मंडल और विभिन्न मोर्चों में लंबे समय से रिक्त चल रहे संगठनात्मक पदों को भरने की तैयारी शुरू कर दी है। खास बात यह है कि संगठन में निष्क्रिय पदाधिकारियों की जगह अब सक्रिय और बेहतर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इसके लिए पार्टी ने एक महीने की समयसीमा तय की है।
भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित जिला स्तरीय मासिक बैठक में संगठनात्मक नियुक्तियों और आगामी कार्ययोजना को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में जिला संगठन प्रभारी राजो मालवीय और भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा ने पदाधिकारियों को संगठन को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी और विभिन्न मोर्चों के जिला अध्यक्ष मौजूद रहे।
एक महीने में पूरी होगी नियुक्तियों की प्रक्रिया
भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा ने कहा कि संगठन सशक्तिकरण अभियान के तहत जिले में सभी रिक्त संगठनात्मक पदों पर प्राथमिकता से नियुक्तियां की जाएंगी। अगले एक महीने के भीतर जिला और मंडल स्तर के साथ ही विभिन्न मोर्चों के रिक्त पदों को भरकर कार्यकारिणी गठन की प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।
निष्क्रिय पदाधिकारियों की जगह सक्रिय कार्यकर्ताओं को मौका
बैठक में जिला संगठन प्रभारी राजो मालवीय ने स्पष्ट किया कि संगठन में जिम्मेदारियां अब सक्रियता और कार्यक्षमता के आधार पर दी जाएंगी। जो पदाधिकारी संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका नहीं निभा रहे हैं, उनकी जगह मेहनती और सक्रिय कार्यकर्ताओं को आगे लाया जाएगा। बेहतर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां देकर संगठन में उनकी भूमिका बढ़ाई जाएगी।

मंडल अध्यक्षों को भी दिए गए निर्देश
बैठक में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। इसके साथ ही प्रधानमंत्री के 'मन की बात' कार्यक्रम को लेकर भी चर्चा हुई। मंडल अध्यक्षों और मंडल प्रभारियों को शक्ति केंद्रों पर नियमित प्रवास करने तथा पार्टी की गतिविधियों को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए।
बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष राकेश तोमर ने किया। इस दौरान जिला महामंत्री दीपेंद्र पाल, कार्यालय मंत्री जीतू ठाकुर, एसटी मोर्चा जिलाध्यक्ष राकेश उईके, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सीमा चौहान, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष कमल साहू और अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष सिद्दीकी सिद्दीक सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।