Edited By Himansh sharma, Updated: 04 Apr, 2026 11:06 AM
अप्रैल की शुरुआत में जहां आमतौर पर तेज गर्मी लोगों को परेशान करने लगती है, वहीं इस बार मौसम ने करवट लेकर राहत भरी ठंडक दे दी है।
भोपाल। अप्रैल की शुरुआत में जहां आमतौर पर तेज गर्मी लोगों को परेशान करने लगती है, वहीं इस बार मौसम ने करवट लेकर राहत भरी ठंडक दे दी है। मध्य प्रदेश में इन दिनों मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ है। आसमान से आग नहीं, बल्कि ठंडी फुहारें और ओले गिरने की संभावना बन गई है।मौसम विभाग ने प्रदेश के करीब 45 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में तेज आंधी, गरज-चमक और ओलावृष्टि की चेतावनी भी दी गई है।
दरअसल, प्रदेश के ऊपर सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन के चलते एक मजबूत वेदर सिस्टम बना हुआ है। यही वजह है कि पिछले चार दिनों से लगातार मौसम बिगड़ा हुआ है और कई जगहों पर बारिश के साथ ओले भी गिर रहे हैं।
इन जिलों में ज्यादा असर
जबलपुर, छतरपुर, पन्ना, दमोह और कटनी में आज आंधी-बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना जताई गई है।
वहीं राजधानी भोपाल सहित ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, बैतूल, नर्मदापुरम, रायसेन, सागर, विदिशा, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, रीवा, सतना, मैहर, निवाड़ी और टीकमगढ़ में भी तेज बारिश और गरज-चमक का दौर देखने को मिल सकता है।
राहत के साथ सतर्कता जरूरी
तेज गर्मी के बीच आई यह बारिश लोगों को राहत जरूर दे रही है, लेकिन अचानक मौसम बदलने से फसलों और आमजन पर असर पड़ सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, खुले स्थानों पर न जाने और बिजली गिरने के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी है। फिलहाल, अगले 2 से 3 दिनों तक प्रदेश में मौसम ऐसा ही बना रहने के आसार हैं, जिससे गर्मी से राहत जारी रहेगी।