Edited By meena, Updated: 26 May, 2026 06:10 PM

दतिया की राजनीति से जुड़े चर्चित मामले में पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को फिलहाल कोई राहत नहीं मिली है। दिल्ली हाई कोर्ट में सोमवार 26 मई 2026 को मामले की सुनवाई प्रस्तावित थी, लेकिन सुनवाई नहीं हो सकी...
दतिया (नवल यादव) : दतिया की राजनीति से जुड़े चर्चित मामले में पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को फिलहाल कोई राहत नहीं मिली है। दिल्ली हाई कोर्ट में सोमवार 26 मई 2026 को मामले की सुनवाई प्रस्तावित थी, लेकिन सुनवाई नहीं हो सकी। अब न्यायालय ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 14 जुलाई 2026 की तारीख निर्धारित की है। इस घटनाक्रम के बाद दतिया की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है और संभावित उपचुनाव को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
जानकारी के अनुसार, पूर्व विधायक राजेंद्र भारती की ओर से पैरवी कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल न्यायालय में देरी से पहुंचे। बताया जा रहा है कि उनकी फाइल समय पर सुनवाई के लिए सूचीबद्ध नहीं हो सकी, जिसके चलते मामले में सुनवाई टाल दी गई। इसके बाद कोर्ट ने अगली तारीख 14 जुलाई 2026 तय कर दी।
गौरतलब है कि पूर्व में राजेंद्र भारती को सुनाई गई 3 साल की सजा के चलते उनकी विधानसभा सदस्यता शून्य घोषित हो चुकी है, जिससे दतिया विधानसभा सीट रिक्त मानी जा रही है। इसी कारण क्षेत्र में उपचुनाव की अटकलें भी लगातार तेज हो रही हैं। राजनीतिक दलों ने अंदरखाने तैयारियां शुरू कर दी हैं और संभावित उम्मीदवारों को लेकर चर्चाएं भी शुरू हो चुकी हैं।
वहीं विधि विशेषज्ञों का मानना है कि राजेंद्र भारती अब राहत के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख कर सकते हैं। यदि सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर होती है तो मामले की कानूनी दिशा बदल सकती है। फिलहाल दतिया की राजनीति में इस मामले को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है और सभी की नजरें अब 14 जुलाई को होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हुई हैं।