Edited By meena, Updated: 30 Apr, 2025 12:52 PM

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक कॉलेज में कई छात्राओं के साथ दुष्कर्म और उन्हें कथित तौर पर ब्लैकमेल करने से जुड़े ‘लव जिहाद' के मामले में राष्ट्रीय महिला...
भोपाल : मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक कॉलेज में कई छात्राओं के साथ दुष्कर्म और उन्हें कथित तौर पर ब्लैकमेल करने से जुड़े ‘लव जिहाद' के मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग की जांच समिति जांच करेगी। आयोग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार भोपाल के एक कॉलेज में अनेक छात्राओं के साथ दुष्कर्म की गंभीर घटना पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने तत्काल कारर्वाई करते हुए स्वत: संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों को उचित कारर्वाई के निर्देश दिए थे। घटना से संबंधित तथ्यों को देखते हुए अध्यक्ष विजया रहाटकर ने 3-सदस्यीय एक जांच समिति गठित की है, जिसकी अध्यक्षता पूर्व पुलिस महानिदेशक निर्मल कौर करेंगी। यह जांच समिति 3-5 मई को भोपाल का दौरा कर सभी पक्षों से मुलाकात कर विस्तृत रिपोर्ट आयोग को सौंपेगी। आयोग सुनिश्चित करेगा कि दोषियों को सज़ा और पीड़तिाओं को न्याय मिले।
राजधानी भोपाल के एक कॉलेज से जुड़े इस मामले में शहर पुलिस की कारर्वाई में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। इन आरोपियों ने कॉलेज की छात्राओं को कथित तौर पर प्रेम जाल में फंसाते हुए उनसे न केवल दुष्कर्म किए, बल्कि उनके वीडियो बना कर उन्हें ब्लैकमेल किया। आरोप है कि आरोपियों ने कुछ लड़कियों को फंसाते हुए उनकी सहेलियों से भी संपर्क साधे और इसके बाद उन्हें भी शिकार बनाया। इस दौरान आरोपियों ने लड़कियों को नशे के जाल में फंसाते हुए उन पर धर्म परिवर्तन का भी दबाव मनाया। चारों आरोपी धर्म विशेष के हैं, जिन्होंने सुनियोजित तरीके से लड़कियों को अपना शिकार बनाया। इस मामले में अब तक लगभग आधा दर्जन लड़कियां सामने आ चुकी हैं, जिन्होंने पुलिस से संपर्क साधा है। संभावना जताई जा रही है कि पुलिस की कारर्वाई आगे बढ़ने के साथ और लड़कियां भी हिम्मत जुटाते हुए आ सकती हैं। आरोप है कि आरोपी लड़कियों को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे और इस प्रताड़ना और यौन शोषण के वीडियो क्लिप्स को एक-दूसरे के साथ साझा भी करते थे। इससे यह एक सुनियोजित आपराधिक गिरोह होने की बात कही जा रही है।