Edited By Vandana Khosla, Updated: 07 Oct, 2026 10:33 AM

उज्जैनः मध्यप्रदेश के उज्जैन में से इस वक्त की बड़ी दुखद खबर सामने आ रही है। जहां मंगलवार रात को वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री और पार्षद माया त्रिवेदी का अचानक निधन हुआ है। बताया गया कि अचानक सीने में तेज दर्द उठा था। परिजनों ने उन्हें तत्काल अस्पताल...
उज्जैन (विशाल सिंह ठाकुर): मध्यप्रदेश के उज्जैन में से इस वक्त की बड़ी दुखद खबर सामने आ रही है। जहां मंगलवार रात को वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री और पार्षद माया त्रिवेदी का अचानक निधन हुआ है। बताया गया कि अचानक सीने में तेज दर्द उठा था। परिजनों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया। लेकिन, उन्हें नहीं बचाया जा सका। 58 वर्ष की आयु में माया त्रिवेदी ने अंतिम सांस ली है। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ी है। इसी बीच सूबे के मुखिया मोहन यादव ने उनके निवास पहुंच कर श्रद्धांजलि अर्पित की है।

जानकारी के अनुसार, उज्जैन की वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री और वार्ड क्रमांक 21 की पार्षद माया राजेश त्रिवेदी का मंगलवार रात आकस्मिक निधन हो गया। 58 वर्षीय माया त्रिवेदी पिछले करीब तीन दशकों से राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय थीं। सूत्रों के मुताबिक, भोजन के कुछ देर बाद माया त्रिवेदी के सीने में अचानक तेज दर्द उठा। आनन-फानन में परिजन उन्हें तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
माया त्रिवेदी वार्ड क्रमांक 21 से लगातार तीसरी बार पार्षद चुनी गई थीं। अपनी बेबाक और स्पष्टवादी कार्यशैली के साथ वे जनसेवा के लिए जानी जाती थीं। कांग्रेस संगठन के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही। उन्होंने उज्जैन उत्तर विधानसभा सीट से दो बार चुनाव भी लड़ा। वर्ष 2018 में वे निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में उतरी थीं, जबकि 2023 में कांग्रेस ने उन्हें अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया था।

माया त्रिवेदी के निधन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उनके निवास पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित कर शोक संवेदना व्यक्त की। उनके पति राजेश त्रिवेदी भी कांग्रेस की राजनीति और ब्राह्मण समाज में लंबे समय से सक्रिय हैं। माया त्रिवेदी की अंतिम यात्रा बुधवार सुबह 11 बजे कार्तिक चौक स्थित उनके निवास से निकलेगी। अंतिम संस्कार शिप्रा तट स्थित चक्रतीर्थ पर किया जाएगा।