Edited By meena, Updated: 06 Oct, 2023 06:10 PM

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर एक दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को रीवा पहुंचे
रीवा(गोविंद सिंह): केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर एक दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को रीवा पहुंचे। स्थानीय वृंदावन गार्डन में आयोजित मध्य प्रदेश कल आज और कल विषय पर प्रबुद्धजन सम्मेलन में मुख्यातिथि के रुप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर हमला बोलते हुए भाजपा की योजनाओं का गुणगान करते हुए लोगों से प्रदेश में भाजपा को जीताने की अपील की।

रीवा में प्रबुद्धजन सम्मेलन में प्रदेश की भूत, वर्तमान और भविष्य की आकांक्षाओं एवं अपेक्षाओं को परिभाषित एवं समाज के मध्य परिलक्षित करने के लिए यह आयोजन किया गया था। इस दौरान अनुराग ठाकुर ने भाजपा सरकार का गुणगान करते हुए प्रदेश में भाजपा को जीताने की जनता से अपील की। उन्होंने कहा कि भारत में जितने भी मैडल जीते हैं उनमें बेटियों ने रिकॉर्ड कायम किया है।
उन्होंने कांग्रेस पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि एक समय दिग्गी राजा का था कांग्रेस की भ्रष्ट सरकार का था, अंधेर नगरी चौपट राजा था। तो उस समय असुरक्षा और गुंडागर्दी के कारण और सिमी और नक्सलवादी ताकतों का यहां पर जमावड़ा होता था, लगातार घटनाएं बढ़ रही थी। 1999 में कांग्रेस की सरकार में ही एक मंत्री की गर्दन को भी काट दिया गया अब ऐसी घटनाएं सुनने को नहीं मिलती। अगर ऐसी घटनाएं सुनने को मिलती है तो कांग्रेस शासित राजस्थान में जहां पर हर रोज लड़कियों के साथ बलात्कार और हत्या की घटना सामने आती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार आती है तो बहु बेटियां असुरक्षित हो जाती है लेकिन जब से मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार आई सुरक्षा का वातावरण भी बढ़ा।