दिग्विजय सिंह ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के लिए जनता से मांगा समर्थन, जारी किया मोबाइल नंबर

Edited By meena, Updated: 17 Nov, 2026 02:46 PM

digvijaya singh seeks public support to remove gyanesh kumar

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' अशोकनगर जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से गुजरते हुए अब...

अशोकनगर/गुना (मिस्बाह नूर) : पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' अशोकनगर जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से गुजरते हुए अब उत्तरप्रदेश की सीमा की ओर अग्रसर हो रही है। यात्रा के निर्धारित कार्यक्रम के तहत बीते रोज इस पदयात्रा ने जिले के कई प्रमुख गांवों का भ्रमण किया और स्थानीय ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया। इस दौरान मंच से दिग्विजय सिंह ने चुनाव आयोग पर जमकर निशाना साधा और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर एक नंबर जारी किया और जनता से मिस्ड कॉल के जरिए समर्थन मांगा। वहीं उन्होंने राष्ट्रपति से मिलकर ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग करने की भी बात कही।

दिगम्बर जैन संतों की सराहना

थूबोनजी अतिशय क्षेत्र में रात्रि विश्राम के दौरान प्रख्यात संत कंप्यूटर बाबा भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। दिग्विजय सिंह ने इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कंप्यूटर बाबा ने दिगम्बर जैन संतों की कठोर तपस्या और त्याग की सराहना की। उन्होंने कहा कि वे जब भी इस मार्ग से गुजरते हैं, तो थूबोनजी तीर्थ क्षेत्र में अवश्य रुकते हैं और संतों का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।

राष्ट्रपति को भेजे जाने वाले आवेदन और जनसमर्थन की अपील

यात्रा के दौरान अलग-अलग ग्रामीण अंचलों में जनसंवाद करते हुए दिग्विजय सिंह ने अपनी मांगों को जनता के समक्ष रखा। उन्होंने जानकारी दी कि वे देश के राष्ट्रपति को एक आवेदन भेज रहे हैं, जिसमें मुख्य रूप से निष्पक्ष चुनाव कराने, आगामी चुनाव मतपत्र के माध्यम से संपन्न कराने, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और राम मंदिर चंदे में कथित भ्रष्टाचार के आरोपियों पर कार्रवाई की मांग शामिल की गई है। इन मांगों पर आम जनता का समर्थन जुटाने के लिए एक मोबाइल नंबर 8982121282 भी जारी किया गया है, जिस पर लोग मिस्ड कॉल देकर अपनी सहमति दर्ज करा सकते हैं।

जैन समाज के पदाधिकारियों ने जताया आभार

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जैन समाज के पदाधिकारियों ने दिग्विजय सिंह के पूर्व कार्यकाल के योगदान को याद करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि अमरकंटक में जैन मंदिर निर्माण के लिए दिग्विजय सिंह ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया था। इसके अतिरिक्त, उन्होंने मक्सी में उपजे विवाद का भी मुख्यमंत्री रहते हुए बेहद कम समय में समाधान करवा दिया था। पदाधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि इन कार्यों के लिए जैन समाज सदैव उनका ऋणी रहेगा।

बता दें कि यात्रा के पिछले पड़ाव के दौरान काफिले ने ग्राम भरियाखेड़ी, भिखली, तारई और ललोई होते हुए प्रसिद्ध जैन तीर्थ स्थल थूबोनजी तक का सफर तय किया। रास्ते भर ग्रामीणों और स्थानीय कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के बाद यात्रा ने थूबोनजी अतिशय क्षेत्र में अपना रात्रि विश्राम किया। इस दौरान क्षेत्र में धार्मिक और सामाजिक सौहार्द का माहौल देखने को मिला।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!