Edited By Vandana Khosla, Updated: 14 Apr, 2026 12:49 PM

मुरैनाः मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में बहुचर्चित वन रक्षक हरकेश गुर्जर हत्याकांड के मुख्य आरोपी ट्रैक्टर चालक विनोद कोरी को दिमनी थाना पुलिस ने गुजरात के अहमदाबाद शहर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 10 हजार...
मुरैनाः मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में बहुचर्चित वन रक्षक हरकेश गुर्जर हत्याकांड के मुख्य आरोपी ट्रैक्टर चालक विनोद कोरी को दिमनी थाना पुलिस ने गुजरात के अहमदाबाद शहर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार इससे पहले हत्या में शामिल ट्रैक्टर के मालिक तथा भारतीय जनता पार्टी से जुड़े सोनू चौहान और पवन तोमर को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार गत 8 अप्रैल को वन रक्षक हरकेश गुर्जर दिमनी थाना क्षेत्र के ग्राम रानपुर तिराहे पर वन विभाग की टीम के साथ अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक विनोद कोरी ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी विनोद कोरी सहित ट्रैक्टर मालिक सोनू चौहान और पवन तोमर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। जहां अन्य आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर लिया गया था, वहीं विनोद कोरी घटना के बाद से फरार चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक द्वारा उसकी गिरफ्तारी पर इनाम घोषित किए जाने के बाद पुलिस टीम ने कारर्वाई करते हुए उसे अहमदाबाद से गिरफ्तार किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र प्रताप सिंह डावर ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है, जिसमें यह जानकारी जुटाई जा रही है कि फरारी के दौरान वह किन-किन स्थानों पर रहा और उसे किसने संरक्षण दिया।