Edited By Vandana Khosla, Updated: 30 Sep, 2026 09:45 AM

रायपुरः छत्तीसगढ़ को कृषि विकास और किसानों से जुड़ी योजनाओं के लिए केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय कृषि विकास योजना और कृषि उन्नति योजना के तहत कुल 181.99 करोड़ रुपये की द्वितीय किस्त जारी की है। राज्य सरकार की ओर से मंगलवार को दी गई जानकारी के अनुसार,...
रायपुरः छत्तीसगढ़ को कृषि विकास और किसानों से जुड़ी योजनाओं के लिए केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय कृषि विकास योजना और कृषि उन्नति योजना के तहत कुल 181.99 करोड़ रुपये की द्वितीय किस्त जारी की है। राज्य सरकार की ओर से मंगलवार को दी गई जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय कृषि मंत्रियों के सम्मेलन‘रबी अभियान 2026'के दौरान छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। इस दौरान चौहान ने राज्य के लिए राशि जारी किए जाने की जानकारी देते हुए कृषि मंत्री नेताम को बधाई दी।
केंद्र द्वारा जारी कुल 181.99 करोड़ रुपये में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत 91.20 करोड़ रुपये और कृषि उन्नति योजना के तहत 90.79 करोड़ रुपये शामिल हैं। राज्य सरकार के अनुसार इस राशि का उपयोग कृषि क्षेत्र से जुड़े विकास कार्यों और किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में किया जाएगा। केंद्रीय कृषि मंत्री ने अपने पत्र में कहा कि केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि क्षेत्र को मजबूत करने और राज्यों के साथ समन्वय से कृषि के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि छत्तीसगढ़ सरकार जारी राशि का समयबद्ध और प्रभावी उपयोग कर किसानों तक इसका अधिकतम लाभ पहुंचाएगी।
कृषि मंत्री नेताम ने राशि जारी करने के लिए केंद्र सरकार का आभार जताते हुए कहा कि केंद्र और राज्य के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में कृषि क्षेत्र को गति मिल रही है। उन्होंने कहा कि प्राप्त राशि का उपयोग कृषि विकास से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने और किसानों को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि‘रबी अभियान 2026'के तहत 28 और 29 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय कृषि मंत्रियों के सम्मेलन में कृषि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों, किसान हितैषी योजनाओं और आगामी कृषि विकास रणनीतियों पर चर्चा की गई।