छतरपुर में संदिग्ध परिस्थिति में गर्भवती महिला की मौत, ससुराल वालों पर हत्या का आरोप

Edited By Himansh sharma, Updated: 03 Jul, 2025 11:50 AM

a pregnant woman died in chhatarpur

छतरपुर जिले के नौगांव शहर के कैफेट एरिया में रहने वाली 7 माह की गर्भवती नवविवाहिता प्रियंका साहू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

छतरपुर। (राजेश चौरसिया): मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के नौगांव शहर के कैफेट एरिया में रहने वाली 7 माह की गर्भवती नवविवाहिता प्रियंका साहू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने इस मामले में ससुराल पक्ष पर पीट-पीटकर हत्या करने और फिर फांसी पर लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराते हुए जांच शुरू कर दी है। हत्या या आत्महत्या इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, छतरपुर जिले के थाना क्षेत्र अंतर्गत थरागांव निवासी कल्लू साहू की पुत्री मृतका प्रियंका साहू (उम्र लगभग 25 वर्ष) का विवाह तीन साल पूर्व नौगांव निवासी पुष्पेंद्र साहू से हुआ था। शादी के बाद दंपति की एक दो वर्ष की पुत्री भी है और वर्तमान में प्रियंका सात माह की गर्भवती थी।

फोन पर बताया - मम्मी, ये लोग मार रहे हैं...

मृतका की मां मानबाई साहू, पिता कल्लू साहू और भाई कृष्ण साहू ने बताया कि मंगलवार की सुबह लगभग 11 बजे प्रियंका ने अपनी मां को फोन कर बताया कि मम्मी, ये लोग मेरे साथ मारपीट कर रहे हैं। इतने में ही प्रियंका के पति पुष्पेंद्र ने कथित रूप से फोन छीन लिया और बात बंद कर दी। इसके बाद परिजनों का प्रियंका से संपर्क नहीं हो सका।

शाम को पुलिस से मिली बेटी की मौत की खबर...

उसी दिन देर शाम पुलिस द्वारा परिजनों को सूचना दी गई कि प्रियंका ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही परिजन तुरंत नौगांव अस्पताल पहुंचे, जहां प्रियंका मृत अवस्था में मिली। प्रियंका के शरीर को देखने पर परिजनों ने दावा किया कि उसके शरीर पर कई चोटों के निशान थे, जिससे शक गहराता गया।

पुलिस जांच में जुटी, सभी पहलुओं की हो रही पड़ताल...

इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला बेहद संवेदनशील है और हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। फिलहाल मर्ग कायम किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह आत्महत्या है या फिर सुनियोजित हत्या।

सवालों के घेरे में ससुराल पक्ष...

परिजनों को इंसाफ की उम्मीद है। प्रियंका की मौत ने क्षेत्र में शोक और आक्रोश दोनों का माहौल पैदा कर दिया है। परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और उन्हें न्याय दिलाया जाए।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!