Edited By Vikas Tiwari, Updated: 14 Feb, 2026 02:54 PM

दमोह जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। सागर-जबलपुर स्टेट हाईवे पर स्थित व्यारमा नदी के क्षतिग्रस्त पुल से नीचे गिरने के कारण बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
दमोह (इम्तियाज चिश्ती): दमोह जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। सागर-जबलपुर स्टेट हाईवे पर स्थित व्यारमा नदी के क्षतिग्रस्त पुल से नीचे गिरने के कारण बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतकों की पहचान अजय घोषी (21), अमित कुर्मी (21) और पवन कर्मी (22) के रूप में हुई है। तीनों युवक सागर जिले के छिरारी गांव (थाना रहली) के निवासी थे। वे तारादेही थाना क्षेत्र के समनापुर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए बाइक से जा रहे थे। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार बाइक बारिश में क्षतिग्रस्त हुए पुल से नीचे जा गिरी, जिससे तीनों युवकों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
तेंदूखेड़ा थाना प्रभारी राविन्द्र बागरी ने बताया कि तीन युवकों की मौत हुई है। शवों का पोस्टमॉर्टम तेंदूखेड़ा में कराया जा रहा है, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मामले की जांच जारी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की लापरवाही को हादसे की बड़ी वजह बताया है। उनका कहना है कि पुल की खराब स्थिति को लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई।