Edited By Desh Raj, Updated: 23 Mar, 2026 07:11 PM

आज मोहन सरकार की अहम बैठक मीटिंग हुई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रालय में हुई कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसले लिए गए हैं।
(भोपाल):आज मोहन सरकार की अहम बैठक मीटिंग हुई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रालय में हुई कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसले लिए गए हैं। प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों और युवाओं के हित में बड़े फैसले लिए गए। सरकार ने जहां कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है , वहीं अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के युवाओं के लिए निशुल्क प्रशिक्षण योजना को भी हरी झंडी दे दी है।
सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में की 3% बढ़ोतरी
प्रदेश के शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए बहुत बड़ी राहत भरी खबर है। कैबिनेट में महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत वृद्धि के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस बड़े फैसले से कर्मचारियों की सैलरी में वृद्धि होगी ।
OBC वर्ग के युवाओं को मिलेगा मुफ्त प्रशिक्षण
कैबिनेट ने अन्य पिछड़ा वर्ग के 12वीं पास करने वाले छात्र और छात्राओं के लिए एक विशेष प्रशिक्षण योजना को स्वीकृति दी है। यह योजना इन विद्यार्थियों के लिए काफी राहत प्रदान करेगी। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को सेना, अर्द्धसैनिक बल, होमगार्ड और पुलिस भर्ती के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से तैयार करना रहेगी और चयनित अभ्यर्थियों को 45 दिनों का निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा
मध्यप्रदेश में ‘स्टेट एआई मिशन’ की होगी शुरुआत
सीएम मोहन ने कहा है कि प्रदेश में सुशासन एवं विकास को नई गति देने तथा शासन की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए ‘स्टेट एआई मिशन’ की शुरुआत होगी। सीएम ने कहा कि इसके माध्यम से कृषि, स्वास्थ्य, पोषण और आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में जोखिमों की पूर्व पहचान और बेहतर निर्णय क्षमता सुनिश्चित होगी। मिशन को चरणबद्ध रूप से लागू करते हुए वर्ष 2026-27 में आधारभूत तैयारी, 2027-28 में व्यापक क्रियान्वयन और 2028 से एआई को शासन की स्थायी संस्थागत क्षमता के रूप में विकसित किया जाएगा।