Edited By Himansh sharma, Updated: 29 Mar, 2026 03:54 PM

मध्यप्रदेश कैडर के युवा आईएएस अधिकारी रवि कुमार सिहाग ने शादी के बाद बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए अपना कैडर बदल लिया है।
भोपाल: मध्यप्रदेश कैडर के युवा आईएएस अधिकारी रवि कुमार सिहाग ने शादी के बाद बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए अपना कैडर बदल लिया है। केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DOPT) ने उनके कैडर परिवर्तन को मंजूरी दे दी है, जिसके बाद अब वे AGMUT (अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम-केंद्रशासित प्रदेश) कैडर में सेवाएं देंगे।DOPT के निर्देश के बाद मध्यप्रदेश के सामान्य प्रशासन विभाग ने रवि सिहाग को औपचारिक रूप से रिलीव कर दिया है। वे वर्तमान में सिवनी जिले के लखनादौन में एसडीएम के पद पर पदस्थ थे और अपने कामकाज को लेकर चर्चाओं में भी रहे हैं।
शादी बनी कैडर चेंज की वजह
बताया जा रहा है कि रवि सिहाग ने यह फैसला अपनी पत्नी आईएएस इशिता राठी के साथ रहने के लिए लिया है। इशिता राठी पहले से AGMUT कैडर में पदस्थ हैं। दोनों अधिकारियों की शादी दिसंबर 2025 में दिल्ली में हुई थी। शादी के बाद ही रवि सिहाग ने कैडर परिवर्तन के लिए DOPT को आवेदन किया था, जिसे अब मंजूरी मिल गई है।
2022 बैच के हैं अधिकारी
रवि कुमार सिहाग 2022 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और अपने बैच के प्रतिभाशाली अधिकारियों में गिने जाते हैं। मध्यप्रदेश में उनकी पहली पोस्टिंग के दौरान ही उन्होंने प्रशासनिक स्तर पर अच्छी पकड़ बनाई थी।
क्या होता है AGMUT कैडर?
AGMUT कैडर देश के उन विशेष कैडरों में शामिल है, जिसमें अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिजोरम और सभी केंद्रशासित प्रदेश शामिल होते हैं। यहां अधिकारियों को अलग-अलग राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में सेवा देने का मौका मिलता है।
प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज
इस कैडर बदलाव को लेकर प्रशासनिक गलियारों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। अक्सर ऐसे मामले सामने आते हैं, जहां शादी के बाद अधिकारी अपने जीवनसाथी के कैडर में ट्रांसफर लेते हैं, ताकि दोनों एक ही स्थान पर रह सकें। रवि सिहाग का यह कदम भी उसी कड़ी का हिस्सा माना जा रहा है, जिसमें व्यक्तिगत और पेशेवर जीवन के बीच संतुलन बनाने की कोशिश साफ दिखाई देती है।