Edited By meena, Updated: 05 Mar, 2026 02:37 PM

मध्यप्रदेश के जबलपुर में दो पक्षों के बीच हुई झड़प में 20 वर्षीय एक युवक घायल हो गया, जिसके बाद इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह
जबलपुर : मध्यप्रदेश के जबलपुर में दो पक्षों के बीच हुई झड़प में 20 वर्षीय एक युवक घायल हो गया, जिसके बाद इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह घटना बुधवार रात छोटी ओमती क्षेत्र में हुई। उन्होंने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच विवाद हो गया और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस झड़प में आयुष सोनकर घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बेलबाग, हनुमानताल और कोतवाली थानों की पुलिस को मौके पर भेजा गया। नगर पुलिस अधीक्षक सोनू कुर्मी ने बताया कि इस मामले में अप्पा सोनकर और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि अप्पा सोनकर अन्य आपराधिक मामलों में भी वांछित है। अधिकारी ने बताया कि इलाके में एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इस बीच घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। पुलिस ने बताया कि वायरल वीडियो के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।