Edited By Himansh sharma, Updated: 04 Sep, 2026 05:57 PM

जिले में लगातार हो रही बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने शुक्रवार को लवकुशनगर अनुभाग के प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
छतरपुर। जिले में लगातार हो रही बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने शुक्रवार को लवकुशनगर अनुभाग के प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने जुझारनगर और प्रकाशबमोरी थाना क्षेत्रों में तेज बहाव के कारण अवरुद्ध मार्गों और जलभराव वाले स्थानों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने लवकुशनगर एसडीओपी नवीन दुबे और संबंधित थाना प्रभारियों को प्रभावित मार्गों पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, तेज बारिश के दौरान संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने और आमजन की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने को कहा।
तेज बहाव में रास्ता पार न करें
एसपी रजत सकलेचा ने क्षेत्रवासियों और आम नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतें। रपटे, पुल या जलभराव वाले रास्तों पर तेज पानी का बहाव होने की स्थिति में उन्हें पार करने का प्रयास न करें। ऐसे रास्तों पर आवागमन से बचें और अपनी सुरक्षा के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी-नालों और पुल-पुलियों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं। तेज बहाव दिखाई देने पर सुरक्षित स्थान पर रुकें और पानी का स्तर कम होने का इंतजार करें।