Edited By Himansh sharma, Updated: 21 Mar, 2026 04:45 PM

जयपुर में आयोजित ‘इंटरएक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट ऑपर्च्युनिटीज इन मध्यप्रदेश’ को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संबोधित किया।
भोपाल: जयपुर में आयोजित ‘इंटरएक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट ऑपर्च्युनिटीज इन मध्यप्रदेश’ को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राजस्थान के लोगों को गणगौर पर्व की शुभकामनाएं दीं और कहा कि राजस्थान और मध्यप्रदेश के बीच रोटी-बेटी के साथ अब पानी का भी मजबूत संबंध बन गया है। उन्होंने दोनों राज्यों को जुड़वा भाइयों की तरह बताते हुए आपसी सहयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से प्रगति कर रहा है और राज्यों के बीच संसाधनों का बंटवारा सौहार्दपूर्ण तरीके से हो रहा है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश और राजस्थान के बीच पीकेसी परियोजना लगभग 1 लाख करोड़ रुपये की है, जिसमें केवल 10 प्रतिशत लागत राज्यों को देनी होगी, जबकि 90 प्रतिशत खर्च केंद्र सरकार वहन करेगी।
डॉ. यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश में निवेश के लिए नई औद्योगिक नीतियां लागू की गई हैं, जिससे उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तैयार हो रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य अब बिजली सरप्लस है और कई बड़े प्रोजेक्ट्स के जरिए विकास को गति दी जा रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि मेडिकल, टूरिज्म, माइनिंग और एआई जैसे क्षेत्रों में तेजी से काम हो रहा है। साथ ही, 1 रुपये में जमीन देकर पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल खोलने की सुविधा दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि मध्यप्रदेश और राजस्थान मिलकर विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।