Edited By Desh Raj, Updated: 29 May, 2026 05:08 PM

देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में अब पानी की शुद्धता पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। कांग्रेस ने इंदौर में सप्लाई हो रहे पानी को लेकर ऐसा “वॉटर बम” फोड़ा है कि शहर में हलचल मच गई है।
इंदौर(सचिन बहरानी): देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में अब पानी की शुद्धता पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। कांग्रेस ने इंदौर में सप्लाई हो रहे पानी को लेकर ऐसा “वॉटर बम” फोड़ा है कि शहर में हलचल मच गई है।
कांग्रेस “जल ऑडिट” रिपोर्ट में शहर का पानी बताया “साइलेंट किलर”
इंदौर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कांग्रेस द्वारा कराए गए “जल ऑडिट” की रिपोर्ट पेश करते हुए बड़ा दावा किया है। जीतू ने खुलासा करते हुए कहा कि शहर का पानी अब “साइलेंट किलर” बनता जा रहा है। पटवारी के मुताबिक 26 दिनों तक चली सैंपलिंग के दौरान शहर के अलग-अलग इलाकों से लिए गए 240 पानी के नमूनों में से करीब 90 प्रतिशत सैंपल फेल पाए गए है।
रिपोर्ट में खतरनाक बैक्टीरिया, जहरीले और हानिकारक तत्व मिलने का दावा
जीतू पटवारी ने कहा कि जांच में कई जगहों पर खतरनाक बैक्टीरिया, जहरीले और हानिकारक तत्व मिले हैं, जिससे गंभीर बीमारियों और मौत तक का खतरा बढ़ सकता है। कांग्रेस का दावा है कि पानी की जांच सर्टिफाइड लैब और दिल्ली की ऑथेंटिक लैब में कराई गई है।भागीरथपुरा के गंदे पानी कांड और उससे जुड़ी मौतों का जिक्र करते हुए जीतू पटवारी ने बीजेपी सरकार और नगर निगम पर जमकर निशाना साधा।
रिपोर्ट गलत साबित होती है तो सरकार उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए-जीतू
पटवारी ने दावा किया कि सुदामा नगर क्षेत्र, जहां महापौर निवास करते हैं, वहां का पानी भी जांच में फेल पाया गया। कांग्रेस ने सरकार से स्वतंत्र जल ऑडिट कराने की मांग करते हुए यह भी कहा कि यदि उनकी रिपोर्ट गलत साबित होती है तो सरकार उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए।कांग्रेस के इस खुलासे ने शहर की राजनीति से लेकर आम लोगों तक में हलचल मचा दी है