Edited By Himansh sharma, Updated: 30 Oct, 2026 12:02 PM

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है।
रायपुर। (पुष्पेंद्र सिंह): छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। ED की अलग-अलग टीमें राजधानी में 3 से 4 ठिकानों पर पहुंचीं और जांच शुरू की। इस कार्रवाई के दौरान चर्चित शराब घोटाला मामले के आरोपी अनवर ढेबर के आवास पर भी ED के अधिकारियों ने दबिश दी।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह से ही ED की टीमें अलग-अलग स्थानों पर जांच में जुटी हुई हैं। अधिकारी संबंधित ठिकानों पर दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की पड़ताल कर रहे हैं। अनवर ढेबर के घर पर कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई है। एहतियात के तौर पर आवास के बाहर सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।
फिलहाल ED की इस कार्रवाई को लेकर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किन दस्तावेजों या लेन-देन को लेकर जांच की जा रही है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही छापेमारी से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की संभावना है।
पहले भी कारोबारी ठिकानों पर हो चुकी है छापेमारी
गौरतलब है कि हाल ही में ED ने रायपुर और दुर्ग में भी कई कारोबारी ठिकानों पर छापेमारी की थी। रायपुर के पंडरी क्षेत्र स्थित रवि नगर के सुशील विला में कार्रवाई की गई थी। इसके अलावा कारोबारी नितिन डागा के आवास पर भी ED के अधिकारी दो गाड़ियों में पहुंचे थे और विभिन्न दस्तावेजों की जांच की थी।
वहीं दुर्ग के ऋषभ ग्रीन सिटी में ट्रांसपोर्ट और रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े गुलशन बघेल के आवास पर भी ED की टीम ने दबिश दी थी। जानकारी के अनुसार, करीब 10 सदस्यीय अधिकारियों की टीम सुबह 6 बजे E-701 स्थित उनके घर पहुंची थी। यहां अधिकारियों ने कई दस्तावेजों की पड़ताल की थी।
छत्तीसगढ़ में शराब घोटाले से जुड़े मामलों को लेकर ED की जांच लगातार चर्चा में है। ऐसे में शुक्रवार सुबह हुई ताजा कार्रवाई को भी इसी जांच से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, मौजूदा छापेमारी के पीछे की वजह और जांच के दायरे को लेकर ED की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।