धनतेरस से पहले सोना-चांदी के भाव में भारी टूट! जानिए 24 कैरेट गोल्ड और चांदी के ताजा भाव

Edited By Himansh sharma, Updated: 30 Oct, 2026 03:52 PM

gold and silver prices crash ahead of dhanteras

त्योहारी सीजन में सोना और चांदी खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए बाजार से राहत भरी खबर सामने आई है

भोपाल: त्योहारी सीजन में सोना और चांदी खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए बाजार से राहत भरी खबर सामने आई है। धनतेरस और दिवाली से पहले कीमती धातुओं की कीमतों में अचानक बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को घरेलू वायदा बाजार में चांदी की कीमत एक ही कारोबारी दिन में करीब 5 हजार रुपये प्रति किलो तक लुढ़क गई। वहीं, सोने के भाव में भी 1 फीसदी के आसपास गिरावट देखने को मिली। लगातार बढ़ती कीमतों के बीच आई इस नरमी से उन ग्राहकों को राहत मिल सकती है, जो त्योहारों पर गहने या चांदी के सामान खरीदने का इंतजार कर रहे थे।

MCX पर सोने की कीमत में भी आई गिरावट

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर शुक्रवार को सोने की कीमतों में कमजोरी का सिलसिला जारी रहा। दिसंबर डिलीवरी वाला सोना करीब 0.83 फीसदी टूटकर 1,197 रुपये की गिरावट के साथ 1,41,389 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान सोने में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कमजोर रुख का असर भारतीय बाजार पर भी दिखाई दिया।

चांदी के भाव में एक दिन में 5 हजार रुपये की कमी

सोने के मुकाबले चांदी की कीमतों में ज्यादा बड़ी गिरावट दर्ज की गई। MCX पर चांदी का भाव कारोबार के दौरान 5,023 रुपये टूटकर 1,84,371 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया। एक ही कारोबारी सत्र में आई इस गिरावट ने बाजार का रुख बदल दिया है। चांदी अपने पुराने ऊंचे स्तरों से भी काफी नीचे आ चुकी है। ऐसे में चांदी के सिक्के, बर्तन और आभूषण खरीदने की तैयारी कर रहे ग्राहकों की नजर अब बाजार के अगले रुख पर रहेगी।

दिल्ली, मुंबई समेत MP के प्रमुख शहरों में 24 कैरेट गोल्ड का भाव

शुक्रवार को सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में शहरों के हिसाब से अंतर देखने को मिला। दिल्ली में 24 कैरेट सोने का शुरुआती भाव 14,241 रुपये प्रति ग्राम दर्ज किया गया। वहीं 22 कैरेट सोना 13,054 रुपये और 18 कैरेट सोना 10,669 रुपये प्रति ग्राम पर रहा।

मुंबई, चेन्नई और कोलकाता में 24 कैरेट सोने की कीमत 14,226 रुपये प्रति ग्राम रही। इन शहरों में 22 कैरेट सोना 13,040 रुपये और 18 कैरेट सोना 10,670 रुपये प्रति ग्राम के स्तर पर दर्ज किया गया।फिलहाल धनतेरस और दिवाली से पहले सोने-चांदी के बाजार में आई इस गिरावट ने खरीदारों को जरूर उम्मीद दी है। हालांकि, खरीदारी से पहले अपने शहर के ताजा सर्राफा भाव की जानकारी जरूर लें, क्योंकि ज्वेलरी की कीमत में GST, मेकिंग चार्ज और अन्य शुल्क अलग से जुड़ सकते हैं।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!