MP में राज्यसभा चुनाव: BJP के इस दिग्गज नेता ने दाखिल किया नामांकन, CM मोहन भी रहे मौजूद

Edited By Himansh sharma, Updated: 31 Oct, 2026 12:19 PM

hardeep singh puri files rajya sabha nomination in mp

मध्य प्रदेश में राज्यसभा की खाली हुई एक सीट को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं।

भोपाल। मध्य प्रदेश में राज्यसभा की खाली हुई एक सीट को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया। सुबह करीब 11:30 बजे विधानसभा भवन पहुंचकर उन्होंने नामांकन प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी उनके साथ मौजूद रहे। वहीं, नामांकन से पहले पुरी ने धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर मत्था टेका और आशीर्वाद लिया।

नामांकन दाखिल करने से पहले हरदीप सिंह पुरी गुरुद्वारे पहुंचे, जहां उन्होंने मत्था टेका। इसके बाद वे करुणा धाम आश्रम पहुंचे और वहां आशीर्वाद प्राप्त किया। उनके नामांकन को लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। दूसरी तरफ, इस चुनाव को लेकर कांग्रेस भी लगातार राजनीतिक विरोध दर्ज करा रही है। विरोध प्रदर्शन के दौरान कई कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है।

भाजपा ने 28 अक्टूबर को घोषित किया था नाम

हरदीप सिंह पुरी को मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव का उम्मीदवार बनाने का फैसला भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति ने 28 अक्टूबर को लिया था। इसके बाद से ही उनके नामांकन की तैयारियां शुरू हो गई थीं। शुक्रवार को प्रदेश सरकार की मंत्री कृष्णा गौर ने भी नामांकन की प्रक्रिया में प्रस्तावक के तौर पर अपनी सहमति दी थी। उन्होंने भाजपा प्रदेश कार्यालय में इससे संबंधित दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए थे।

दरअसल, राज्यसभा की यह सीट केंद्रीय मंत्री डॉ. एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। उन्होंने 13 अक्टूबर को राज्यसभा की सदस्यता छोड़ दी थी। उनका कार्यकाल अप्रैल 2030 तक निर्धारित था। इसी रिक्त सीट पर अब उपचुनाव कराया जा रहा है। भाजपा ने इस सीट के लिए हरदीप सिंह पुरी पर भरोसा जताया है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!