Edited By Himansh sharma, Updated: 30 Sep, 2026 11:33 PM

सराफा बाजार स्थित लड्डू वाला कॉम्प्लेक्स में बुधवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक ज्वेलरी दुकान से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया।
ग्वालियर: सराफा बाजार स्थित लड्डू वाला कॉम्प्लेक्स में बुधवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक ज्वेलरी दुकान से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आसपास मौजूद दुकानदारों और लोगों की नजर दुकान के अंदर लगी आग पर पड़ी। घटना की सूचना तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई, जिसके बाद दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
जानकारी के अनुसार, आग श्याम यादव की ज्वेलरी शॉप में लगी थी। बुधवार रात करीब 9:30 बजे दुकान के अंदर बिजली से जुड़ी समस्या के बाद चिंगारी निकलने की बात सामने आई है। आशंका है कि इसी के चलते दुकान में रखे सामान ने आग पकड़ ली। आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास के व्यापारियों ने दुकान के पास भीड़ जमा कर दी और आग को फैलने से रोकने के प्रयास में फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल कर्मी तीन वाहनों के साथ मौके पर पहुंचे। दुकान से निकल रहे धुएं और अंदर आग की स्थिति को देखते हुए टीम ने तत्काल मोर्चा संभाला। करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझने से आसपास की अन्य दुकानों तक लपटें पहुंचने से बच गईं।
आग की चपेट में दुकान में रखे सोने-चांदी के आभूषणों की पैकिंग और उन्हें रखने के लिए इस्तेमाल होने वाले कई डिब्बे और डिब्बियां आ गईं। इनमें से कुछ सामान जलकर खराब हो गया। हालांकि, दुकान में रखे वास्तविक आभूषणों को कितना नुकसान पहुंचा है, इसकी स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।
घटना के बाद दुकान संचालक और पुलिस की मौजूदगी में अंदर रखे सामान की जांच की जा रही है। नुकसान का वास्तविक आंकड़ा दुकान में रखे जेवर और अन्य सामग्री का मिलान होने के बाद ही सामने आएगा।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, आग के सही कारण और संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए संबंधित टीमों की जांच जारी है। घटना के दौरान सराफा बाजार में कुछ समय के लिए लोगों की आवाजाही भी प्रभावित रही।