Edited By Himansh sharma, Updated: 16 Nov, 2026 05:40 PM

मध्य प्रदेश अब ऊर्जा उत्पादन के साथ-साथ बिजली के भंडारण के क्षेत्र में भी देश में अपनी अलग पहचान बनाने की तैयारी कर रहा है।
नीमच: मध्य प्रदेश अब ऊर्जा उत्पादन के साथ-साथ बिजली के भंडारण के क्षेत्र में भी देश में अपनी अलग पहचान बनाने की तैयारी कर रहा है। नीमच जिले में गांधीसागर बांध के पास करीब 11,500 करोड़ रुपये की लागत से देश की सबसे बड़ी पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजनाओं में शामिल एक विशाल प्रोजेक्ट विकसित किया जा रहा है। 1,920 मेगावाट क्षमता वाली इस परियोजना के शुरू होने से बिजली की बढ़ती मांग को पूरा करने और जरूरत के समय ग्रिड को अतिरिक्त बिजली उपलब्ध कराने में बड़ी मदद मिलेगी। इसका निर्माण ग्रीनको समूह द्वारा किया जा रहा है।
इस परियोजना की सबसे खास बात यह है कि एक ही पानी का इस्तेमाल बार-बार बिजली बनाने के लिए किया जाएगा। यानी दिन में जब सौर और अन्य स्रोतों से जरूरत से ज्यादा बिजली उपलब्ध होगी, तब उसी बिजली से पानी को निचले जलाशय से पंप करके ऊपरी जलाशय में पहुंचाया जाएगा। इसके बाद शाम और रात के समय जब बिजली की मांग सबसे ज्यादा होगी, तब ऊपरी जलाशय से पानी नीचे छोड़ा जाएगा। पानी के तेज बहाव से टर्बाइन घूमेंगी और बिजली का उत्पादन होगा।
परियोजना में कुल नौ टर्बाइन लगाई जा रही हैं, जिनकी संयुक्त उत्पादन क्षमता 1,920 मेगावाट होगी। यह परियोजना पूरी क्षमता से लगातार छह घंटे तक बिजली उपलब्ध करा सकेगी। इस दौरान करीब 11,520 मेगावाट-घंटे ऊर्जा ग्रिड को मिल सकेगी। वहीं, परियोजना से सालाना लगभग 3,580 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन का अनुमान है।
करीब 414 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित हो रही इस परियोजना का महत्व सिर्फ बिजली उत्पादन तक सीमित नहीं है। दरअसल, सौर और पवन ऊर्जा से मिलने वाली बिजली मौसम और समय के अनुसार घटती-बढ़ती रहती है। ऐसे में पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज तकनीक अतिरिक्त बिजली को सुरक्षित रखने और जरूरत पड़ने पर दोबारा उपलब्ध कराने का काम करती है। इससे बिजली आपूर्ति को संतुलित रखने में मदद मिलेगी।
रोजगार के लिहाज से भी यह परियोजना मध्य प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। निर्माण कार्य के दौरान करीब चार हजार लोगों को रोजगार मिलने की जानकारी है, जबकि परियोजना के संचालन और रखरखाव के लिए लगभग 200 स्थायी रोजगार के अवसर बनने का अनुमान है।
परियोजना की पहली टर्बाइन दिसंबर 2026 में शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि जून 2027 तक इसका पूर्ण व्यावसायिक संचालन शुरू करने की योजना है। यदि तय समयसीमा के अनुसार काम पूरा होता है, तो गांधीसागर की यह परियोजना मध्य प्रदेश को देश के बड़े ऊर्जा भंडारण केंद्रों में शामिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।