Edited By meena, Updated: 25 Sep, 2026 07:57 PM

आगर मालवा जिले के सुसनेर नगर परिषद के अध्यक्ष पद के उपचुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस प्रत्याशी विष्णु पाटीदार के समर्थन में...
आगर मालवा (सय्यद जाफ़र) : आगर मालवा जिले के सुसनेर नगर परिषद के अध्यक्ष पद के उपचुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस प्रत्याशी विष्णु पाटीदार के समर्थन में पूर्व नगरीय प्रशासन मंत्री एवं कांग्रेस नेता जयवर्धन सिंह ने नगर में जनसंपर्क कर मतदाताओं से संवाद किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह नजर आया।
सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष पद के उपचुनाव में कांग्रेस ने विष्णु पाटीदार को अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया है, जबकि भाजपा की ओर से प्रदीप सोनी मैदान में हैं। दोनों प्रत्याशियों के बीच मुकाबला अब आमने-सामने का हो गया है। दोनों ही दलों के नेता और कार्यकर्ता अपने प्रत्याशी के समर्थन में नगर में जनसंपर्क कर रहे हैं।
यह उपचुनाव नगर परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी राहुल सिसोदिया के इस्तीफे के बाद हो रहा है। उनका त्यागपत्र शासन द्वारा स्वीकार किए जाने के बाद अध्यक्ष पद रिक्त हुआ था। इसके बाद अध्यक्ष पद के लिए उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई।
जयवर्धन सिंह के जनसंपर्क के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी विष्णु पाटीदार सहित पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस इस चुनाव को नगर के विकास और स्थानीय मुद्दों से जोड़कर मतदाताओं के बीच पहुंच बना रही है। वहीं भाजपा प्रत्याशी प्रदीप सोनी के समर्थन में भी पार्टी संगठन लगातार सक्रिय है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशियों के बीच चुनावी मुकाबला और तेज हो गया है। नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए 29 सितंबर को मतदान होना है।