Edited By Himansh sharma, Updated: 21 May, 2026 01:11 PM

शहर में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से जबलपुर पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया।
जबलपुर। शहर में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से जबलपुर पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया। जिले के कई थाना और चौकी प्रभारियों के तबादले किए गए हैं। इस बदलाव को बढ़ते अपराधों पर नियंत्रण और थानों की कार्यप्रणाली में सुधार की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
जारी आदेश के अनुसार, सिविल लाइन थाना प्रभारी पूर्वा चौरसिया और विजय नगर थाना प्रभारी राजेंद्र मस्कोले को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया गया। वहीं पुलिस मुख्यालय से आए निरीक्षक कन्हैया सिंह बघेल को शहर के अहम माने जाने वाले सिविल लाइन थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा अमित पटेल को विजय नगर थाना प्रभारी बनाया गया है। माना जा रहा है कि इस क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों और विवादों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने की दिशा में भी अहम बदलाव किए गए हैं। सरोजिनी चौकसे, जो पहले बेलखेड़ा और खमरिया जैसे थानों की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं, उन्हें अब चरगवां थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं अभिषेक प्यासी को बरगी नगर चौकी भेजा गया है। दूसरी ओर सरिता पटेल को उखरी चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस विभाग के भीतर इस बदलाव को आगामी समय में बेहतर कानून व्यवस्था और तेज पुलिसिंग की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि नई टीम मैदान में कितना असर दिखा पाती है।