Edited By Vikas Tiwari, Updated: 17 Mar, 2026 05:12 PM

जिले के बीजाडांडी जनपद पंचायत में इन दिनों प्रशासनिक विवाद गहराता नजर आ रहा है। जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) बसंती दुबे के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया है।
मंडला (अरविंद सोनी): जिले के बीजाडांडी जनपद पंचायत में इन दिनों प्रशासनिक विवाद गहराता नजर आ रहा है। जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) बसंती दुबे के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया है।

जानकारी के अनुसार, जनपद पंचायत अध्यक्ष सहित सभी सदस्यों ने एकमत होकर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि बसंती दुबे की कार्यशैली और व्यवहार के कारण पंचायतों के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि सरपंचों, सचिवों और आम नागरिकों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं, जिससे न केवल विकास कार्य बाधित हो रहे हैं, बल्कि कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच असंतोष का माहौल भी बन रहा है।
इसी को देखते हुए जनपद सदस्यों ने मांग की है कि बसंती दुबे को तत्काल प्रभाव से पद से हटाया जाए और उनके खिलाफ मिली शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। वहीं जिला पंचायत के सीईओ ने कहा है कि जनप्रतिनिधियों द्वारा ज्ञापन प्राप्त हुआ है और मामले में नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी से निर्णय लेता है और क्या जनप्रतिनिधियों की मांगों पर अमल होता है।