Edited By Himansh sharma, Updated: 05 Apr, 2026 10:46 PM

मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से एक अच्छी खबर सामने आई है।
ग्वालियर। (अंकुर जैन): मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से एक अच्छी खबर सामने आई है। यहां के गांधी प्राणी उद्यान में सफेद टाइगर ‘मीरा’ ने तीन शावकों को जन्म दिया है, जिससे जू में खुशी का माहौल है। बताया जा रहा है कि 5 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 2 बजे मीरा ने इन शावकों को जन्म दिया। जन्मे शावकों में दो रॉयल बंगाल टाइगर और एक सफेद टाइगर शामिल है।
इस नए जन्म के बाद अब चिड़ियाघर में टाइगरों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। इनमें 4 सफेद टाइगर और 6 रॉयल बंगाल टाइगर हैं। जू प्रबंधन के मुताबिक मीरा और उसके तीनों शावक पूरी तरह स्वस्थ हैं। फिलहाल शावकों को अलग रखकर उनकी निगरानी की जा रही है, वहीं मीरा को हल्का आहार दिया जा रहा है।
प्रशासन ने शावकों की सुरक्षा और देखभाल के लिए जरूरी इंतजाम किए हैं। वन्यजीव प्रेमियों के लिए यह खबर खास मानी जा रही है, क्योंकि इसे संरक्षण के लिहाज से एक अच्छा संकेत माना जा रहा है।